भारत

नशे में टेस्ट ड्राइव बनी हादसे की वजह, 4 गाड़ियां टकराईं

SHIDDHANT
18 April 2026 12:15 AM IST
नशे में टेस्ट ड्राइव बनी हादसे की वजह, 4 गाड़ियां टकराईं
x
एक व्यक्ति गंभीर घायल
Bengaluru बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के महादेवपुरा इलाके में एक सनसनीखेज सड़क हादसा सामने आया है, जहां नशे में धुत एक युवक ने टेस्ट ड्राइव के दौरान चार गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर टूट गया, जबकि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना महादेवपुरा के विग्नेश्वर नगर इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक अभिलाष महिंद्रा शोरूम पहुंचा था, जहां उसे टेस्ट ड्राइव के लिए कार दी गई। आरोप है कि शोरूम कर्मचारियों की लापरवाही के चलते नशे में धुत व्यक्ति को वाहन सौंप दिया गया।
टेस्ट ड्राइव के दौरान अभिलाष ने कार पर नियंत्रण खो दिया और सड़क पर खड़ी व चल रही चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
इस हादसे में रमेश नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका एक पैर टूट गया। उसे तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी की पकड़कर पिटाई कर दी, जिसके बाद उसे भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन और अफरा-तफरी का माहौल देखा जा सकता है। हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम लग गया, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि नशे में व्यक्ति को टेस्ट ड्राइव की अनुमति कैसे दी गई। यह घटना शोरूम कर्मचारियों की गंभीर लापरवाही को भी उजागर करती है।
Next Story