
x
आरोपी गिरफ्तार
Banda बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरेह गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत एक बेटे ने अपनी 75 वर्षीय मां की जान ले ली। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में मातम छा गया। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे 75 वर्षीय रामरती अपने घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उनका बेटा पप्पू उर्फ राधाचरण शराब के नशे में घर पहुंचा और अपनी बहन गुड़िया से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। बहन ने जब पैसे देने से इनकार किया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया और बात हाथापाई तक पहुंच गई।
परिवार के अनुसार, शोर सुनकर बाहर बैठी मां रामरती बीच-बचाव करने पहुंचीं। इसी दौरान नशे में धुत पप्पू गुस्से में आ गया और उसने अपनी मां को घर के पास बनी फूलों की क्यारी में जोर से धक्का देकर पटक दिया। गिरने के दौरान बुजुर्ग महिला के सिर पर गंभीर चोट लग गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Next Story





