भारत

शराबियों का पेट्रोल पंप पर तांडव, ग्राहकों से की मारपीट और ब्रेसलेट चोरी

Shantanu Roy
20 Oct 2025 7:03 PM IST
शराबियों का पेट्रोल पंप पर तांडव, ग्राहकों से की मारपीट और ब्रेसलेट चोरी
x
देखें VIDEO...
Akola. अकोला। महाराष्ट्र के अकोला जिले में शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने पेट्रोल पंप पर जमकर उत्पात मचाया। शराब के नशे में चूर इन युवकों ने पेट्रोल भराने आए ग्राहकों, कर्मचारियों और राहगीरों के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि विरोध करने पर उन्हें बुरी तरह पीट दिया। यह पूरी घटना 18 और 19 अक्टूबर की दरमियानी रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। यह घटना खदान थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दक्षता पेट्रोल पंप की है, जो पुलिस अधीक्षक कार्यालय और खदान थाने के ठीक पीछे स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात में करीब 4 से 5 युवक कार से पेट्रोल पंप पर पहुंचे थे। सभी शराब के नशे में थे और वहां मौजूद लोगों को गालियां दे रहे थे।


जब कुछ ग्राहकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद एक
पुलिसकर्मी
से मदद की गुहार लगाई गई, लेकिन वह तमाशा देखता रहा। नागरिकों ने आरोप लगाया कि ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी ने न तो थाने को सूचना दी और न ही झगड़ा रोकने का प्रयास किया। अगर वह समय रहते हस्तक्षेप करता तो यह हिंसक घटना टल सकती थी। लोगों का कहना है कि यह पेट्रोल पंप "पुलिस पेट्रोल पंप" के नाम से जाना जाता है, क्योंकि यह थाने और एसपी ऑफिस के बिल्कुल पास है। फिर भी यहां इस तरह की घटना होना पुलिस की लापरवाही को उजागर करता है। मारपीट में घायल एक पीड़ित ने बताया कि हमले के दौरान उसके हाथ से सोने का ब्रेसलेट गायब हो गया। उसे शक है कि नशे में धुत युवकों ने ही मौका देखकर ब्रेसलेट चुरा लिया। घटना के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

सीसीटीवी कैमरे थे बंद
घटना के बाद नागरिकों ने जब पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग की तो पता चला कि उस समय कैमरे बंद थे। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब पुलिस स्टेशन के ठीक पीछे बने पेट्रोल पंप पर इस तरह की घटना हो सकती है और वहां के कैमरे तक बंद हों, तो बाकी शहर में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है।

शिकायत दर्ज में भी देरी
पीड़ितों ने रात में ही खदान थाना जाकर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन उनका कहना है कि उस समय थाने में शिकायत लिखने वाला कोई अधिकारी मौजूद नहीं था। आखिरकार उन्होंने रविवार सुबह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। मारपीट करने वालों में से एक की पहचान गीता नगर निवासी अभिजीत निताने के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अभिजीत निताने पूरी तरह नशे में था और उसके साथ 4-5 अन्य युवक भी शामिल थे, जिनकी पहचान पुलिस करने की कोशिश कर रही है।

नागरिकों में आक्रोश, पुलिस पर सवाल
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों और पेट्रोल पंप कर्मियों में पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अगर थाने के पीछे स्थित जगह पर पुलिसकर्मी मूकदर्शक बनकर खड़ा रह सकता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जाए। कई लोगों ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और सीसीटीवी बंद होने के कारण आसपास के इलाके के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद अराजक तत्वों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं और शहर के संवेदनशील इलाकों में भी कानून व्यवस्था इतनी कमजोर क्यों है।
Next Story