भारत

नशे में धुत होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ा शख्स, डेढ़ घंटे की मान-मनौवल के बाद उतरा

Rani Sahu
21 Jan 2022 6:19 PM GMT
नशे में धुत होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ा शख्स, डेढ़ घंटे की मान-मनौवल के बाद उतरा
x
मध्य प्रदेश के इंदौर में 40 वर्षीय व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर शुक्रवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया

मध्य प्रदेश के इंदौर में 40 वर्षीय व्यक्ति शराब के नशे में धुत होकर शुक्रवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब डेढ़ घंटे की मान-मनौवल के बाद पुलिस उसे नीचे उतारने में कामयाब रही। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

लोग बनाते रहे वीडियो
चश्मदीदों ने बताया कि कैलाश (40) विजय नगर क्षेत्र में एक दूरसंचार सेवा प्रदाता कम्पनी के करीब 50 फुट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़कर बैठ गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान टावर के नीचे तमाशबीनों की भीड़ लग गई। यह लोग अपने मोबाइल कैमरे से इस वाकये का वीडियो बनाने में मशगूल नजर आए। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवाजें लगाकर कैलाश को नीचे उतारने का जतन शुरू कर दिया।
जांच के बाद सामने आएगी वजह
चश्मदीदों के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे की मान-मनौवल के बाद जब यह व्यक्ति डगमगाते हुए जैसे-तैसे नीचे उतरा। विजय नगर पुलिस थाने के प्रभारी तहजीब काजी ने बताया कि जब यह व्यक्ति मोबाइल टावर से नीचे उतरा, तब वह नशे में धुत था। हमने उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद ही मोबाइल टावर पर इस व्यक्ति के चढ़ने का कारण पता चल सकेगा।
Next Story