भारत

नशे में युवती का हंगामा, पुलिस से भी की बहस

SHIDDHANT
27 Nov 2026 10:28 PM IST
नशे में युवती का हंगामा, पुलिस से भी की बहस
x
पुलिस ले गई थाने
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रानीताल स्टेडियम रोड पर कथित तौर पर शराब के नशे में एक युवती ने जमकर हंगामा किया। युवती कभी सड़क से गुजर रहे राहगीरों से उलझती तो कभी मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से बहस करती नजर आई। काफी देर तक चले हंगामे के कारण घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, रानीताल स्टेडियम रोड पर युवती हाथ में मोबाइल फोन लेकर बीच सड़क पर हंगामा कर रही थी। वह कभी राहगीरों से बहस करती तो कभी अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगती। इस दौरान युवती लगातार फोन पर भी बातचीत कर रही थी। सड़क पर हो रहे हंगामे को देखकर आसपास मौजूद लोग भी मौके पर जमा होने लगे।
घटना की सूचना मिलने के बाद लॉर्डगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने युवती को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थी। इसके विपरीत युवती पुलिसकर्मियों से ही बहस करने लगी। इस दौरान वह लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के सामने भी उंगली दिखाकर बातचीत करती नजर आई। पुलिस की समझाइश के बावजूद युवती का हंगामा काफी देर तक जारी रहा। मौके पर लगातार बढ़ती भीड़ और स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने महिला पुलिसकर्मियों की मदद ली। इसके बाद युवती को महिला पुलिस बल के सहयोग से थाने ले जाया गया।
लॉर्डगंज थाना प्रभारी नवल आर्य के मुताबिक, युवती अत्यधिक शराब के नशे में थी और राहगीरों के साथ बदसलूकी कर रही थी। जब पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया तो उसने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद उसे थाने भिजवाया गया। वहीं, सड़क पर हुए इस हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती राहगीरों और पुलिसकर्मियों से बहस करती दिखाई दे रही है। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी युवती का रवैया नहीं बदला, जिसके चलते महिला पुलिसकर्मियों की सहायता लेनी पड़ी। फिलहाल युवती की पहचान और उसके संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। युवती के खिलाफ किन धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है।
Next Story