भारत

एयरपोर्ट पर 5 करोड़ की ड्रग्स जब्त, शरीर में छिपाकर लाया था 70 कैप्सूल

SHIDDHANT
5 Nov 2026 10:48 PM IST
एयरपोर्ट पर 5 करोड़ की ड्रग्स जब्त, शरीर में छिपाकर लाया था 70 कैप्सूल
x
विदेशी गिरफ्तार
दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर कस्टम विभाग ने नशीले पदार्थों की तस्करी का बड़ा मामला पकड़ा है। एक गिनी नागरिक अपने शरीर के अंदर ड्रग्स से भरे 70 कैप्सूल छिपाकर भारत पहुंचा था। कस्टम अधिकारियों ने अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी के दौरान सभी कैप्सूल बरामद किए। इनमें मिले संदिग्ध नशीले पदार्थ का कुल वजन 1 किलो 68 ग्राम है, जिसकी अवैध बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है।
कस्टम विभाग के अनुसार, आरोपी यात्री 28 अक्टूबर 2026 को गिनी के कोनाक्री से इथियोपिया की राजधानी अदीस अबाबा होते हुए दिल्ली पहुंचा था। उसने इथियोपियन एयरलाइंस की उड़ान संख्या ET932 और ET686 से यात्रा की थी। विशेष खुफिया सूचना के आधार पर टर्मिनल-3 पर अधिकारियों ने उसे ग्रीन चैनल से रोककर उसके सामान की एक्स-रे जांच कराई।
आगे की पूछताछ में यात्री ने अपने शरीर के अंदर नशीले पदार्थ छिपाने की बात स्वीकार की। इसके बाद अदालत के आदेश पर उसे सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में पहले 36 और बाद में 34 अंडाकार कैप्सूल बरामद किए गए। ये कैप्सूल पारदर्शी प्लास्टिक में कसकर लपेटे गए थे और इनके अंदर सफेद पाउडर जैसा पदार्थ भरा हुआ था।
प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ के कोकीन या एमडीएमए होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, पदार्थ की अंतिम पहचान विस्तृत प्रयोगशाला परीक्षण के बाद ही स्पष्ट होगी। कस्टम विभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 43(ए) के तहत संदिग्ध नशीला पदार्थ जब्त किया और धारा 43(बी) के तहत यात्री को गिरफ्तार किया। मामला अधिनियम की धाराओं 8, 21, 23 और 29 के अंतर्गत दर्ज किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी को तिहाड़ जेल भेजा जाएगा। फिलहाल जांच जारी है। कस्टम विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।
Next Story