
x
Assam असम: सरकार ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम को और मजबूत करते हुए राज्य स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कार्यक्रम के तहत 472.51 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट किया। नलबाड़ी में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी मात्रा में जब्त हेरोइन, गांजा और मॉर्फीन सहित विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। राज्य सरकार का कहना है कि यह कार्रवाई नशे के कारोबार पर सख्त प्रहार करने और समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य की पहली ड्रग डिस्ट्रक्शन (नशीले पदार्थ नष्ट करने वाली) मशीन का भी उद्घाटन किया। इस अत्याधुनिक मशीन की मदद से जब्त मादक पदार्थों का सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि असम सरकार नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में लगातार अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में ड्रग्स जब्त किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सरकार का मानना है कि आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से ड्रग्स के सुरक्षित निस्तारण की प्रक्रिया और अधिक प्रभावी होगी। इससे जब्त मादक पदार्थों के दोबारा अवैध नेटवर्क तक पहुंचने की आशंका भी समाप्त होगी। राज्य सरकार ने लोगों से भी नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
Next Story





