भारत
'ड्रग मनी' हिंद महासागर के लिए बड़ा खतरा, मिलकर रोकना होगा: एनएसए डोभाल
jantaserishta.com
25 Nov 2026 2:57 PM IST

x
माले/नई दिल्ली: मालदीव की राजधानी माले में बुधवार को कोलंबो सिक्योरिटी काउंसिल के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की 8वीं बैठक आयोजित की गई। इसमें भारत के एनएसए अजित डोभाल ने हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, स्थिरता और साझा विरासत पर जोर दिया। ड्रग तस्करी को लेकर फिक्र जाहिर जताते हुए उन्होंने कहा कि भारत श्रीलंका, मालदीव समेत अन्य देशों के साथ जानकारी साझा कर इस पर काम कर रहा है और अब इस सहयोग को और आगे बढ़ाने की जरूरत है।
उन्होंने कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव की यात्रा में योगदान देने वाले सभी सदस्य देशों का धन्यवाद किया। डोभाल ने कहा, "हमने एक शुरुआती विचार से शुरुआत की थी कि हिंद महासागर हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है, हमारी आर्थिक समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण है और इस क्षेत्र के लोगों के हितों के लिए भी महत्वपूर्ण है।"
उन्होंने कहा, " सभी के सहयोग से आज इस मंच के पास अपना सचिवालय है, अपने महासचिव हैं और आने वाले समय में इसे और आगे ले जाने की उम्मीद है। हिंद महासागर क्षेत्र के तटीय देश एक साझा समुद्री क्षेत्र साझा करते हैं और एक सभ्यतागत विरासत से जुड़े हैं जो लंबे इतिहास में आकार ले चुकी है। हमारी परंपरा हमें समुद्र के माध्यम से जोड़ती है, बांटती नहीं।"
डोभाल ने याद दिलाया कि नवंबर 2020 में कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव का गठन हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा, संरक्षा और स्थिरता के सामूहिक विजन के साथ किया गया था। उन्होंने कहा, "संगठनात्मक जड़ें जमाने के साथ-साथ सीएससी को एक एक्शन-ओरिएंटेड मंच में बदला गया है, जहां सहयोग सभी सदस्य देशों के आपसी लाभ को प्राथमिकता देता है।"
उन्होंने कहा कि समुद्री सुरक्षा और संरक्षा, आतंकवाद और कट्टरपंथ का मुकाबला, साइबर सुरक्षा और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) सहित प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में मजबूत सहयोग जारी है। यही सहयोग सीएससी की भावना को परिभाषित करता है।
बैठक में ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया के प्रतिनिधियों की मौजूदगी पर खुशी जताते हुए डोभाल ने उम्मीद जताई कि ये विशिष्ट अतिथि भविष्य में इस मंच से जुड़ेंगे। भारत के एनएसए ने आगे कहा, "अब तक हमने बीते हुए कल की चुनौतियों पर विचार रखे। अब हमें आने वाले कल की चुनौतियों को लेकर तैयार रहना है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य तकनीकें दुनिया को पूरी तरह से नए संघर्ष और सहयोग के क्षेत्र में ले जाएंगी।"
सामूहिक प्रयास को जरूरी बताते हुए डोभाल ने आगे कहा, "तकनीक, सर्वोत्तम प्रथाओं और अनुभवों को साझा करने के क्षेत्र में सहयोग से हम कई और विविध क्षेत्रों में एक साथ काम कर सकते हैं।" उन्होंने कहा कि सीएससी की भावना के अनुसार, इन चुनौतियों से निपटने के लिए संयुक्त प्रयासों को मजबूत करना पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।
डोभाल ने कहा कि भारत के लिए कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव, नेबरहुड फर्स्ट नीति और महासागर विजन का संगम है। महासागर का अर्थ 'सुरक्षा और विकास के लिए आपसी और समग्र उन्नति' है। उन्होंने कहा, "भारत सीएससी देशों के साथ मिलकर आने वाली गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की सामूहिक क्षमताओं को बढ़ाने के लिए काम करने को प्रतिबद्ध है।"
ड्रग मनी (तस्करी से काला धन जुटाना) के मुद्दे पर डोभाल ने कहा, " यह एक बेहद गंभीर विषय है। श्रीलंका, मालदीव और अन्य देशों के साथ जानकारी साझा कर भारत पूरा सहयोग कर रहा है। अब वह चाहता है कि यह सहयोग और आगे बढ़े।" डोभाल ने भरोसा दिलाया कि भारत, भागीदार के तौर पर अपना सर्वश्रेष्ठ देगा और साझा उद्देश्यों को हासिल करने के लिए हर जरूरी मदद करेगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





