भारत

दवा व्यापारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, बहन से मिलकर लौट रहा था शख्स

jantaserishta.com
29 Nov 2021 11:20 PM IST
दवा व्यापारी के बेटे की गोली मारकर हत्या, बहन से मिलकर लौट रहा था शख्स
x
पढ़े पूरी खबर

सुपौल: बिहार के सुपौल जिले में सोमवार को अपराधियों ने दवा व्यवसायी के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना जिले के प्रतापगंज थाना इलाके की है, जहां दुअनिया नहर के पास अपराधियों ने हत्या की घटना को अंजाम दिया है. मिली जानकारी अनुसार दवा व्यवसायी का बेटा फारबिसगंज से अपने दांत का इलाज करा कर राघोपुर लौट रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने दुअनिया नहर के पास घेर कर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई.

हत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
बता दें कि मृतक अभिषेक कुमार साह राघोपुर में अपने पिता के साथ दवा का व्यवसाय किया करता था. वह पेशे से इंजीनियर भी था. उसने हरियाणा से एमटेक की डिग्री ले रखी थी. उसके हत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. हालांकि, उसके पिता रौशन कुमार ने बताया कि वो अपने गांव से बारात में शामिल होने के लिए जा रहे थे. तभी किसी अज्ञात ने उन्हें फोन कर घटना की जानकारी दी.
बहन से मिलकर लौट रहा था शख्स
उन्होंने बताया कि उनका पुत्र अभिषेक फारबिसगंज अपने दांत का इलाज कराने गया था. इसी दौरान वो नेपाल में मेडिकल की पढ़ाई कर रही अपनी बहन से विराटनगर में मिलकर सुपौल के राघोपुर लौट रहा था. तभी ये घटना हुई है. इधर, घटना की सूचना पाते ही प्रतापगंज पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
गौरतलब है कि इसी दुअनिया नहर के पास प्रतापगंज के पूर्व प्रमुख के छोटे भाई की भी गोली मार कर एक सप्ताह पूर्व हत्या कर दी गयी थी. हत्याकांड का अभी तक खुलासा भी नहीं हो पाया था कि अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दूसरी हत्या को अंजाम दे दिया.
सुपौल एसपी ने कही ये बात
घटना के संबंध में सुपौल एसपी मनोज कुमार ने कहा कि दुआनिया पुल पर हत्या की घटना दोबारा हुई है. घटना के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी बनाया गया है, जिसमें तीन डीएसपी, एक इंस्पेक्टर, तीन थानाध्यक्ष और डीआईयू की टीम शामिल है. टीम को निर्देश है कि वो डॉग स्क्वाड, सीसीटीवी व अन्य तकनीक और आसूचना का उपयोग करते हुए कांड का उद्भेदन करे और अपराधियों की गिरफ्तारी करे. आगे इस तरह की घटना ना हो इस बाबत एनएच-57 पर सीआईएटी ट्रेंड जवानों को बाइक से गश्ती के लिए भी आदेश दिया गया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story