भारत

ड्रग डीलर की संपत्ति कुर्क, ASP ने दी जानकारी

Nilmani Pal
22 July 2022 1:39 AM GMT
ड्रग डीलर की संपत्ति कुर्क, ASP ने दी जानकारी
x

यूपी। नशे के सौदागर तहखाने वाले ड्रग तस्कर तस्लीम पर पुलिस का शिकंजा और कस गया है। एएसपी ब्रह्मपुरी और लालकुर्ती पुलिस ने उसकी एक करोड़ की प्रॉपर्टी को गैंगस्टर के तहत जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि अब तक उसकी पांच करोड़ की प्रॉपर्टी को कुर्क किया जा चुका है। अभी वह जेल में बंद है, जबकि उसकी पत्नी व बेटा फरार हैं। पुलिस ने उसके बेटे और पत्नी के खिलाफ पांच-पांच हजार का इनाम रखा है।

मकबरा डिग्गी निवासी तस्लीम नशे का बड़ा सौदागर है। उसके खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। पुलिस तस्लीम समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। तस्लीम की पत्नी नसरीन और एक बेटा शादाब फरार है। इनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की विवेचना लालकुर्ती पुलिस कर रही है। गुरुवार को एएसपी ब्रह्मपुरी विवेक यादव, सीओ कैंट रूपाली राय, सीओ सुचित्रा, लालकुर्ती थाने के इंस्पेक्टर अतर सिंह, सदर थाने के इंस्पेक्टर देव सिंह रावत, रेलवे रोड थाने के इंस्पेक्टर संजय शर्मा समेत कई थानों की पुलिस मछेरान में तस्लीम के प्लाट पर पहुंची। वहां पुलिस ने एनाउसमेंट कराया और तस्लीम की करीब एक करोड़ की संपत्ति जब्त की। पुलिस ने बताया कि इससे पहले उसकी पांच करोड़ की संपत्ति को कुर्क किया जा चुका है। उसके खिलाफ 41 मुकदमे दर्ज हैं। अन्य संपत्ति की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

22 दिसंबर 2021 को रेलवे रोड पुलिस ने की थी छापेमारी

रेलवे रोड पुलिस ने 22 दिसंबर 2021 को मछेरान में तस्लीम के घर छापेमारी कर काफी मात्रा में नशे का सामान बरामद किया था। रेलवे रोड थाने में तस्लीम, पत्नी नसीम बानो उर्फ हज्जन, शाहवाज उर्फ शाबाज, शादाब, निजामुद्दीन, दानिश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी ने बताया कि तस्लीम की पत्नी नसीम, उसका बेटा शाहबाज कई दिनों से फरार हैं। दोनों पर पांच पांच हजार का इनाम घोषित कर दिया है।


Next Story