भारत

नागालैंड से रांची पहुंची नशे की खेप, मुंबई का ड्राइवर गिरफ्तार

SHIDDHANT
2 Nov 2025 11:25 PM IST
नागालैंड से रांची पहुंची नशे की खेप, मुंबई का ड्राइवर गिरफ्तार
x
Ranchi रांची। झारखंड पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कफ सिरप तस्करी के रैकेट का पर्दाफाश किया है। उत्तर प्रदेश क्राइम ब्रांच से मिली गुप्त सूचना के आधार पर रांची ग्रामीण पुलिस ने मांडर थाना क्षेत्र के एनएच-39 पर जांच अभियान चलाया, जहां नागालैंड नंबर के एक ट्रक से करीब ₹30 लाख की फेनसेडिल कफ सिरप की खेप बरामद की गई। इस दौरान पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान मुंबई के ईस्ट इलाके के रहने वाले वसीम निजाम शेख के रूप में हुई है।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रक में सड़े हुए चावलों की बोरियों के नीचे 13,400 कफ सिरप की बोतलें छिपाई गई थीं। यह दवा नशे के रूप में उपयोग की जाती है और अक्सर बिहार, झारखंड, बंगाल और असम के सीमावर्ती इलाकों में तस्करी कर बेची जाती है। यूपी क्राइम ब्रांच ने रांची पुलिस को सूचना दी थी कि गाजियाबाद से एक ट्रक झारखंड की ओर रवाना हुआ है, जिसमें अवैध कफ सिरप लदा है। इस सूचना पर डीएसपी खलारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई और टांगरबसली मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
पुलिस ने जब संदिग्ध नागालैंड नंबर (NL 01 AH 5510) के ट्रक को रोका, तो ड्राइवर ने बताया कि उसमें सड़ा हुआ चावल लदा है। मगर पुलिस टीम को शक हुआ और जब चावल की बोरियों को हटाया गया, तो अंदर का नजारा देखकर सभी दंग रह गए। बोरियों के नीचे 134 सफेद बोरियां रखी थीं, जिनमें फेनसेडिल कफ सिरप की 13,400 शीशियां भरी थीं।
फार्मा कंपनी का नाम और बैच डिटेल्स भी मिलीं
जब्त कफ सिरप की बोतलों पर “PHENSEDYL-100 ML” लिखा था। बोतलों पर निर्माता कंपनी के रूप में Abbott Healthcare Pvt. Ltd., सोलन (हिमाचल प्रदेश) का नाम दर्ज था। बैच नंबर PHD24542, निर्माण तिथि दिसंबर 2024 और एक्सपायरी फरवरी 2026 अंकित थी। प्रत्येक बोतल की कीमत ₹226.02 बताई गई है।
ड्राइवर से पूछताछ जारी
रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि यूपी क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के बाद यह कार्रवाई की गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह अवैध कफ सिरप महाराष्ट्र से लोड होकर नागालैंड नंबर के ट्रक में बिहार और झारखंड के रास्ते पूर्वोत्तर राज्यों की ओर भेजा जा रहा था। गिरफ्तार ड्राइवर वसीम निजाम शेख से पूछताछ की जा रही है ताकि इस रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों और सप्लायर्स की जानकारी मिल सके।
एसपी पुष्कर ने बताया कि फेनसेडिल जैसी दवाओं का दुरुपयोग युवाओं में नशे के रूप में तेजी से बढ़ रहा है, और यही कारण है कि पुलिस अब इस तरह के ड्रग नेटवर्क पर विशेष नजर रख रही है। यह मामला अंतरराज्यीय तस्करी सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है।
पुलिस की बड़ी सफलता
इस कार्रवाई के बाद रांची पुलिस ने कहा कि मांडर थाना क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए अब सघन अभियान चलाया जाएगा। पकड़ा गया ट्रक और बरामद कफ सिरप को जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय पुलिस सूत्रों के अनुसार, झारखंड के कई हिस्सों में बीते कुछ महीनों में कफ सिरप और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह खेप किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है, जो नकली बिलों और फर्जी दस्तावेजों के जरिए राज्यों की सीमाओं को पार करती है।
Next Story