भारत

ड्रोन से पहुंची नशे की खेप, BSF और ANTF ने पकड़ी 19.820 किलो हेरोइन, दो गिरफ्तार

SHIDDHANT
26 Sept 2026 11:23 PM IST
ड्रोन से पहुंची नशे की खेप, BSF और ANTF ने पकड़ी 19.820 किलो हेरोइन, दो गिरफ्तार
x
फिरोजपुर। भारत-पाकिस्तान सीमा पर नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ BSF और एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) फिरोजपुर रेंज ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 19 किलो 820 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद हेरोइन को 20 अलग-अलग पैकेट में रखा गया था। ANTF के मुताबिक, यह कार्रवाई BSF से मिले खुफिया इनपुट के आधार पर की गई। ऑपरेशन डीएसपी पिर्थीपाल सिंह, एएनटीएफ फिरोजपुर रेंज और BSF के असिस्टेंट कमांडेंट की निगरानी में किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव लंगेआना निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ रॉकी और मनजीत सिंह उर्फ गगनदीप के रूप में हुई है। घटना को लेकर 25 सितंबर को स्थानीय पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से करीब चार फीट लंबी रबर की ट्यूब बरामद की गई। ट्यूब के दोनों सिरों को करीब 2.5 एमएम मोटे लोहे के तार से मजबूती से बांधा गया था। जब टीम ने ट्यूब को खोलकर उसकी तलाशी ली तो उसके अंदर हेरोइन के 20 पैकेट मिले।
सभी पैकेट का कुल वजन 19 किलो 820 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा आरोपियों के पास से 30 रुपये भारतीय मुद्रा और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के पाकिस्तान में बैठे तस्करों के संपर्क में होने की बात सामने आई है। आरोप है कि दोनों सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क की स्थानीय सप्लाई और वितरण श्रृंखला का हिस्सा थे। हालांकि पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है।
जांच टीम बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की तकनीकी जांच भी कर रही है। इसके जरिए तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैंडलरों, सहयोगियों और अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में सीमा पार से ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की खेप भारत पहुंचाने की बात सामने आई है। BSF और ANTF अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशीले पदार्थों की सप्लाई तथा वितरण से संबंधित कड़ियों की जांच कर रही हैं। ANTF के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद हेरोइन और सीमा पार से जुड़े कथित तस्करी नेटवर्क के अन्य पहलुओं के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है।
Next Story