भारत

DRI की कार्रवाई, किंग कोबरा का जहर और बिल्लियों की खाल बरामद

jantaserishta.com
28 Nov 2026 4:51 PM IST
DRI की कार्रवाई, किंग कोबरा का जहर और बिल्लियों की खाल बरामद
x
6 लोगों को पकड़ा गया है.
नई दिल्ली: राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने महाराष्ट्र में वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग अभियानों में किंग कोबरा का करीब दो लीटर संदिग्ध जहर, बाघ, तेंदुए और चीते की तीन खाल तथा शिकार में इस्तेमाल होने वाली एक एयर राइफल बरामद की है। इन कार्रवाइयों में छह लोगों को पकड़ा गया है।
डीआरआई ने पश्चिमी घाट क्षेत्र में वन्यजीवों की अवैध तस्करी से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ खुफिया जानकारी के आधार पर ये अभियान चलाए। बरामद सामान और पकड़े गए लोगों को आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए महाराष्ट्र वन विभाग को सौंप दिया गया है।
डीआरआई ने 25 नवंबर को पुणे के बाहरी इलाके में कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक आयोजन के दौरान 'ऑपरेशन वेनम शील्ड' चलाया। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि शेयर बाजार में कारोबार करने वाला एक व्यक्ति, जो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी है, अवैध जहर का कारोबार कर रहा है और एक बिचौलिये तथा संभावित खरीदार से मिलने वाला है।
इंद्रायणी नदी के पास भीड़भाड़ और कठिन इलाके में निगरानी के बाद अधिकारियों ने आरोपियों को रोकने के लिए पीछा किया और तीन लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दो बोतलों में करीब दो लीटर किंग कोबरा का संदिग्ध जहर बरामद हुआ। पीछा करने के दौरान जहर के संपर्क में आने से डीआरआई का एक अधिकारी भी घायल हो गया। बरामद जहर और पकड़े गए तीनों लोगों को महाराष्ट्र वन विभाग को सौंप दिया गया है।
26 नवंबर को डीआरआई ने सोशल मीडिया के जरिए वन्यजीवों के अवैध ट्रॉफी बेचने की सूचना पर 'ऑपरेशन फेलाइन विजिल' चलाया। पनवेल इलाके में एक संदिग्ध को रोककर उसके बैग से दो खाल बरामद की गईं, जिनके बाघ और तेंदुए की होने का संदेह है।
इसके बाद पूछताछ के आधार पर नवी मुंबई के एक आवासीय परिसर में तलाशी ली गई। वहां दो महिला आरोपियों के पास से चीते की संदिग्ध खाल और .177 कैलिबर (4.5 एमएम) की ब्रेक-बैरल एयर राइफल (मॉडल 23) बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में संदेह जताया गया है कि तेंदुए की खाल पर गोली लगने का निशान इसी एयर राइफल से किए गए शिकार का परिणाम हो सकता है। तीनों खालों, एयर राइफल और अन्य बरामद सामान को जब्त कर तीनों आरोपियों को महाराष्ट्र वन विभाग के हवाले कर दिया गया है।
किंग कोबरा, बाघ, तेंदुआ और चीता वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 में शामिल हैं और इन्हें कानून के तहत सर्वोच्च स्तर का संरक्षण प्राप्त है। इन प्रजातियों का शिकार, पकड़ना, अनधिकृत कब्जा और इनके अंगों या खाल का कारोबार प्रतिबंधित है। डीआरआई ने कहा कि लगातार चलाए गए इन अभियानों का उद्देश्य संगठित वन्यजीव अपराध नेटवर्क को खत्म करना और देश की जैव विविधता की सुरक्षा करना है।

jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story