भारत

बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर पटका… महिला से पुलिस की कथित मारपीट का VIDEO वायरल

SHIDDHANT
4 Oct 2026 7:20 PM IST
बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर पटका… महिला से पुलिस की कथित मारपीट का VIDEO वायरल
x
ससुराल के दरवाजे पर बैठी महिला, पहुंची पुलिस और मच गया बवाल
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव में पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक महिला को कथित तौर पर बाल पकड़कर घसीटते, जमीन पर गिराते और जबरन वहां से हटाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए जांच की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, नरसंडा गांव की रहने वाली महिला ने मई 2026 में बरियारपुर निवासी एक युवक से मंदिर में अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि शादी के बाद युवक कुछ समय तक महिला के साथ रहा, लेकिन बाद में वह कई महीनों से लापता है। महिला का कहना है कि उसके ससुराल वाले भी उसे अपने साथ रखने को तैयार नहीं हैं।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर महिला अपने पति के घर पहुंची थी। परिजनों के मुताबिक, उसका पति इलाज के सिलसिले में शहर से बाहर था। इसके बाद महिला अपने पति के भाई के दरवाजे पर जाकर बैठ गई। इसी दौरान पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मियों और महिला के बीच खींचतान दिखाई दे रही है। वीडियो में महिला को बाल पकड़कर घसीटने और जमीन पर गिराने का दृश्य भी नजर आ रहा है। कुछ स्थानीय लोग पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कांटी थाने की दारोगा निवेदिता, डायल-112 के पदाधिकारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों के मौजूद होने की बात कही जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की गलती सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के मुताबिक, डायल-112 के पुलिसकर्मियों द्वारा महिला के साथ कथित मारपीट का वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। मामले का संज्ञान लेकर जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में पुलिसकर्मी या पदाधिकारी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो में दिख रही परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
Next Story