भारत
बेटी डॉ. दीक्षा कटोच को मिला प्रतिष्ठित सम्मान, PGI चंडीगढ़ में हैं अतिरिक्त प्रोफेसर
Shantanu Roy
25 Oct 2026 5:52 PM IST

x
जोगिंदरनगर। मंडी जिले के जोगिंदरनगर क्षेत्र की बेटी एवं पीजीआई चंडीगढ़ के नेत्र रोग विभाग में अतिरिक्त प्रोफेसर डॉ. दीक्षा कटोच को प्रतिष्ठित उत्तराखंड स्टेट ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। 24 अक्तूबर को उत्तराखंड के मसूरी में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। चिकित्सा एवं शैक्षणिक क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए मिले इस सम्मान से जोगिंदर नगर क्षेत्र का नाम भी रोशन हुआ है। जोगिंदरनगर के बालकरूपी गांव से संबंध रखने वाली डॉ. दीक्षा कटोच शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। उन्होंने शिमला के प्रतिष्ठित सेंट बीड्स कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की और जमा दो की परीक्षा में पूरे हिमाचल प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके बाद उच्च चिकित्सा शिक्षा के लिए उन्होंने पीजीआई चंडीगढ़ का रुख किया, जहां से एमएस की डिग्री प्राप्त करने के साथ ही नेत्र रोग विभाग में भी प्रथम स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकॉर्ड और चिकित्सा क्षेत्र में अपनी योग्यता के बल पर वह वर्तमान में पीजीआई चंडीगढ़ के नेत्र रोग विभाग में अतिरिक्त प्रोफेसर के पद पर सेवाएं दे रही हैं।
डॉ. दीक्षा कटोच का परिवार भी शिक्षा और सार्वजनिक सेवा के क्षेत्र में विशेष पहचान रखता है। उनके पिता डॉ. डीसी कटोच हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग, शिमला में सदस्य रहे हैं और वर्ष 2013 में इस पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, वह जोगिंदर नगर क्षेत्र से इस संवैधानिक पद तक पहुंचने वाले एकमात्र व्यक्ति हैं। वहीं, उनकी माता संतोष कटोच शिमला के एक सरकारी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। डॉ. दीक्षा कटोच ने स्कूली शिक्षा में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने से लेकर पीजीआई चंडीगढ़ में उच्च पद तक पहुंचने का सफर अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर तय किया है। अब उत्तराखंड स्टेट ऑप्थैल्मोलॉजिकल सोसाइटी की ओर से मिला यह सम्मान उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में जुड़ गया है। उनकी सफलता जोगिंदर नगर सहित हिमाचल प्रदेश के युवाओं, विशेषकर चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छुक छात्राओं के लिए प्रेरणादायी है।
Next Story





