भारत
दहेज मुक्त शादी...बैलगाड़ी से निकली बारात, सोच से सबका दिल जीता
jantaserishta.com
14 July 2026 5:59 PM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
बोकारो: झारखंड के बोकारो जिले में हुई एक शादी इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. आधुनिक दौर में जहां शादियों में महंगी गाड़ियां, दहेज और दिखावे का चलन बढ़ता जा रहा है, वहीं इस शादी ने समाज को एक अलग संदेश दिया. यहां दूल्हा न लग्जरी कार से बारात लेकर पहुंचा और न ही दहेज लिया. वह बैलगाड़ी पर सवार होकर दुल्हन को ब्याहने पहुंचा. बोकारो जिले के कसमार प्रखंड में तेलियाडीह टांगटोना निवासी जनार्दन कुमार महतो ने मुंगो बगदा की रहने वाली श्वेता कुमारी से बिना दहेज विवाह किया. इस शादी ने सादगी और सामाजिक संदेश के कारण लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
सबसे खास बात यह रही कि दूल्हा बैलगाड़ी पर बारात लेकर पहुंचा. शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन की विदाई भी उसी बैलगाड़ी से की गई. इस अनोखे दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे. इस शादी में आधुनिक डीजे की जगह पारंपरिक कुड़माली लोकधुनों की मधुर गूंज सुनाई दी. बारात में घोड़ा नाच भी हुआ और बाराती पैदल ही गांव तक पहुंचे. पूरे समारोह में स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक साफ दिखाई दी.
शादी की सभी रस्में पारंपरिक कुड़माली नेगाचार के अनुसार संपन्न कराई गईं. यही वजह रही कि यह शादी सिर्फ एक पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोने का भी उदाहरण बन गई. इस अनूठी पहल को सफल बनाने में गांव के कई लोगों ने योगदान दिया. मंजूरा निवासी मिथिलेश महतो ने बैलगाड़ी का रंग-रोगन किया. वहीं, डुमरकुदर निवासी भुवनेश्वर महतो और उनके सहयोगियों ने बैलगाड़ी को पारंपरिक शैली में सजाया. उनकी मेहनत से बैलगाड़ी आकर्षण का केंद्र बन गई.
यह शादी केवल दो परिवारों का मिलन नहीं थी, बल्कि दहेज प्रथा के खिलाफ एक मजबूत सामाजिक संदेश भी थी. इस विवाह ने यह दिखाया कि शादी की खूबसूरती दिखावे, महंगी गाड़ियों या दहेज में नहीं, बल्कि संस्कारों, परंपराओं और आपसी सम्मान में होती है. बोकारो की यह अनोखी शादी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है. यह आयोजन बताता है कि रिश्ते दहेज से नहीं, बल्कि विश्वास, संस्कार और सादगी से मजबूत बनते हैं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





