
x
30 लाख दहेज की मांग का आरोप
Meerut मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता अपनी आठ माह की बेटी को गोद में लेकर ससुराल पहुंची, लेकिन आरोप है कि ससुराल पक्ष ने घर का दरवाजा बंद कर उसे अंदर प्रवेश नहीं करने दिया। इसके बाद महिला अपनी बच्ची और मायके वालों के साथ ससुराल के बाहर बैठ गई और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मामला मेरठ के नंगला बट्टू इलाके का है। यहां बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी रितु गुप्ता अपने मायके वालों के साथ पति के घर पहुंची थी। महिला का आरोप है कि जैसे ही वह ससुराल पहुंची, घर का दरवाजा बंद कर दिया गया और उसे अंदर आने से रोक दिया गया। इसके बाद रितु अपनी आठ माह की बेटी को गोद में लेकर घर के बाहर बैठ गई। देर रात तक चले हंगामे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
30 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप, रितु के भाई मोनू गुप्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बहन की शादी 18 फरवरी 2025 को मेरठ के नंगला बट्टू निवासी अनमोल गुप्ता से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। परिजनों का आरोप है कि रितु से 30 लाख रुपये की मांग की गई और मांग पूरी नहीं होने पर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया गया। परिवार का दावा है कि शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद रितु को मायके भेज दिया गया था। बुधवार को मायके वाले उसे उसकी आठ माह की बेटी के साथ वापस ससुराल छोड़ने पहुंचे थे, लेकिन वहां विवाद हो गया।
रितु ने अपने पति पर नशे की आदत और अतिरिक्त पैसों की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला ने पति पर अनैतिक संबंधों के भी आरोप लगाए हैं। परिवार के मुताबिक, रितु ने 23 दिसंबर 2025 को बेटी को जन्म दिया था। अब वह अपनी बच्ची के साथ ससुराल में रहने की मांग कर रही है। पुलिस के अनुसार, ससुराल पक्ष ने महिला को साथ रखने से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने अपने बेटे को पहले ही बेदखल कर दिया है, इसलिए बहू और उसकी बेटी से उनका कोई संबंध नहीं है। मौके पर पहुंचे व्यापारी नेता नवीन गुप्ता ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। इसके बाद महिला ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। सिविल लाइंस थाना पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Next Story





