
x
पुलिस मुठभेड़
Etawah इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पत्नी को हर महीने सात हजार रुपये गुजारा भत्ता देने से बचने के लिए कथित तौर पर पति ने पत्नी और सास की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा करते हुए आरोपी पति के एक रिश्तेदार और सेना से बर्खास्त जवान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है। मुख्य आरोपी पति फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। एसएसपी बृजेश श्रीवास्तव के मुताबिक, भरथना थाना क्षेत्र के चंदेठी जैतपुर ख्वाज्गी गांव में 55 वर्षीय पुष्पा देवी यादव अपनी 35 वर्षीय विवाहित बेटी निर्मला देवी यादव उर्फ मंजू यादव के साथ रहती थीं। पुष्पा देवी के पति सुरेश चंद्र दिल्ली में रहते हैं, जबकि उनका बेटा पुणे में रहता है। निर्मला की शादी मैनपुरी जिले के किशनी क्षेत्र के मिदिया गांव निवासी सत्येंद्र के साथ हुई थी। शादी के करीब चार महीने बाद से ही निर्मला अपने मायके में रहने लगी थी।
बताया गया कि पति-पत्नी के बीच तलाक का मुकदमा चल रहा था। इसी दौरान अदालत ने सत्येंद्र को पत्नी के भरण-पोषण के लिए हर महीने सात हजार रुपये गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था। पुलिस का आरोप है कि इसी आदेश से नाराज होकर सत्येंद्र ने पत्नी निर्मला और उसकी मां पुष्पा देवी को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दो दिनों तक घर का दरवाजा नहीं खुलने पर दूध देने आने वाले व्यक्ति को संदेह हुआ। इसके बाद मामले की जानकारी सामने आई और घर के अंदर मां-बेटी के शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गईं।
पुलिस ने जांच के दौरान मैनपुरी निवासी मुकेश यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मुकेश सेना का बर्खास्त जवान है और मुख्य आरोपी सत्येंद्र का रिश्तेदार है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि 15 अगस्त की शाम वह दवा मिलाकर कोल्ड ड्रिंक लेकर घर पहुंचा था। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद पुष्पा और निर्मला बेहोश हो गईं। इसके बाद पीछे के रास्ते से सत्येंद्र घर में पहुंचा।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने दोनों महिलाओं के हाथ-पैर दुपट्टे से बांध दिए और फिर धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति सत्येंद्र, मुकेश और सत्येंद्र के सगे बहनोई विजय सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएसपी के अनुसार गिरफ्तार मुकेश यादव को वर्ष 2010 में चोरी के आरोप में सेना से बर्खास्त किया गया था। पुलिस अब मुख्य आरोपी सत्येंद्र समेत अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही हत्या की साजिश में किस आरोपी की क्या भूमिका थी, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
Next Story





