
x
बांका banka। जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर संवाद और सूचनाओं के नियमित आदान-प्रदान को लेकर जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने नई पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि अब जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक महीने कम से कम एक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी स्वयं नियमित रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर प्रशासन की प्रमुख उपलब्धियों, योजनाओं और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा करेंगे।
डीएम अंशुल अग्रवाल ने कहा कि जिला प्रशासन का मानना है कि प्रेस के सदस्यों और प्रशासन के बीच लगातार संवाद और संपर्क बना रहना चाहिए। इसी उद्देश्य से हर महीने प्रेस ब्रीफिंग आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जिला प्रशासन की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी मीडिया को दी जाएगी। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों की गतिविधियों से भी पत्रकारों को अवगत कराया जाएगा। डीएम ने कहा कि मीडिया के स्तर पर सामने आने वाले मुद्दों को भी प्रेस ब्रीफिंग के दौरान उठाया जा सकेगा। इससे संबंधित विषयों पर प्रशासन का पक्ष और जरूरी जानकारी समय पर साझा करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की महत्वपूर्ण सूचनाओं को मीडिया तक व्यवस्थित तरीके से पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है। प्रेस प्रतिनिधियों को जिले में चल रही गतिविधियों, सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन और प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की नियमित जानकारी दी जाएगी।
डीएम अंशुल अग्रवाल के मुताबिक वह व्यक्तिगत रूप से महीने में कम से कम एक बार ऐसी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस पहल से प्रशासन और मीडिया के बीच समन्वय मजबूत होने के साथ आम लोगों तक प्रशासनिक योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी प्रभावी तरीके से पहुंचने की उम्मीद है।
Next Story





