भारत

DJ का शोर पड़ा भारी, 7 साल की वैष्णवी की मौत , मालिक-ऑपरेटर गिरफ्तार

SHIDDHANT
24 Sept 2026 11:05 PM IST
DJ का शोर पड़ा भारी, 7 साल की वैष्णवी की मौत , मालिक-ऑपरेटर गिरफ्तार
x
DJ बजा तो मचेगा एक्शन, वैष्णवी की मौत के बाद पुलिस सख्त
Balrampur. बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में सात वर्षीय छात्रा वैष्णवी तिवारी की तेज आवाज में बज रहे डीजे के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद हुई मौत के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने डीजे मालिक और ऑपरेटर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ड्यूटी में कथित लापरवाही बरतने पर मेवालाल चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है। पुलिस मामले में डीजे की तेज आवाज और बच्ची की मौत के बीच संबंध सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, वैष्णवी तिवारी डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के निर्देश पर जांच और कार्रवाई तेज की गई।
पुलिस ने मामले में डीजे मालिक चंद्र प्रकाश वर्मा और ऑपरेटर रामपाल सैनी को गिरफ्तार किया है। साथ ही घटना के दौरान इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन, डीजे साउंड सिस्टम और उससे जुड़े उपकरणों को जब्त कर लिया गया है। घटनाक्रम की जांच के लिए संबंधित सीसीटीवी फुटेज को भी सुरक्षित कराया गया है। पुलिस विभाग ने इस मामले में स्थानीय स्तर पर निगरानी में कथित लापरवाही को लेकर भी कार्रवाई की है। मेवालाल चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, नगर कोतवाली प्रभारी संतोष मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
घटना के बाद जिलेभर में तेज आवाज में डीजे बजाने और निर्धारित ध्वनि मानकों के उल्लंघन को लेकर पुलिस सक्रिय हो गई है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडे और अन्य अधिकारियों की निगरानी में विभिन्न थाना क्षेत्रों में डीजे संचालकों के साथ बैठकें की जा रही हैं। पुलिस की ओर से संचालकों को निर्धारित ध्वनि सीमा और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की चेतावनी दी जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ करने के साथ घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। बच्ची की मौत के सटीक चिकित्सकीय कारण और डीजे की आवाज की संभावित भूमिका को जांच के निष्कर्षों के आधार पर स्पष्ट किया जाएगा।
Next Story