भारत
गर्मी में आग लगने से निपटने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट
jantaserishta.com
10 April 2025 12:06 PM IST

x
भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में बढ़ती गर्मी और आग लगने की घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। जिला अधिकारी (डीएम) डॉ. नवल किशोर चौधरी ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे सुबह 9 बजे तक भोजन पका लें और उसके बाद चूल्हा न जलाएं।
साथ ही, अगर कहीं शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग लगे, तो तुरंत आपदा विभाग के कंट्रोल रूम या अग्निशमन विभाग के नंबर पर संपर्क करें। प्रशासन ने सभी थानों में अग्निशमन गाड़ियों को तैयार रखने और प्रखंड स्तर पर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि इस समय तापमान काफी बढ़ गया है और खेतों में फसल कटाई भी लगभग खत्म हो चुकी है। तेज हवाओं के साथ आग फैलने का खतरा बढ़ गया है, इसलिए लोगों से कहा गया है कि वे सुबह 9 बजे से पहले खाना बना लें और चूल्हे की आग बुझा दें। अगर शॉर्ट सर्किट या बिजली से आग लगने की आशंका हो, तो बिजली विभाग या आपदा विभाग के कंट्रोल रूम को तुरंत सूचना दें। इससे मदद जल्दी पहुंच सकेगी।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों में अग्निशमन गाड़ियां उपलब्ध हैं या उनके संपर्क में हैं। जरूरत पड़ने पर एक से ज्यादा गाड़ियां भी भेजी जा सकती हैं। बिजली विभाग का कंट्रोल रूम भी तैयार है, ताकि बिजली से होने वाली आग को जल्दी काबू किया जा सके। प्रखंड स्तर पर सर्किल ऑफिसर (सीओ) और ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ) को भी सतर्क रहने को कहा गया है। डीएम ने लोगों से अपील की कि अगर कहीं आग लगने की सूचना मिले, तो तुरंत स्थानीय अधिकारियों, अग्निशमन विभाग या कंट्रोल रूम को बताएं। डीएम ने कहा, "हम कोशिश कर रहे हैं कि किसी भी हालत में नुकसान न हो। लोग सावधानी बरतें और सूचना तुरंत दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





