भारत

श्मशान में जलती चिता से हुक्का सुलगाने की घिनौनी हरकत, फैला आक्रोश, पुलिस का बड़ा एक्शन

jantaserishta.com
12 April 2026 1:40 PM IST
श्मशान में जलती चिता से हुक्का सुलगाने की घिनौनी हरकत, फैला आक्रोश, पुलिस का बड़ा एक्शन
x
वीडियो हुआ वायरल.
हापुड़: उत्तर प्रदेश में हापुड़ के एक श्मशान घाट से सामने आए वीडियो ने लोगों को हैरानी में डाल दिया. जलती चिता की आग से हुक्का सुलगाने का वीडियो वायरल हो रहा है. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना सिर्फ एक वायरल वीडियो नहीं, बल्कि सामाजिक मर्यादाओं और मानवीय संवेदनाओं पर एक सवाल भी है.
शुक्रवार का दिन था. गांव की 75 साल की मुन्नी देवी का निधन हो गया था. उन्हें अंतिम विदाई दी जा रही थी. परिजन और ग्रामीण भारी मन से श्मशान घाट पहुंचे. रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया, मुखाग्नि दी गई और धीरे-धीरे सभी लोग वहां से लौट गए. चिता अभी भी जल रही थी.
लेकिन जैसे ही शोक में डूबा माहौल शांत हुआ, वहां कुछ युवक पहुंचे. उनके हाथ में हुक्का था. गांव का ही एक युवक जलती चिता के पास बैठ गया और वहां जल रहे उपलों की आग से हुक्का सुलगाने लगा. उसके साथ मौजूद उसके दोस्त इस पूरे घटनाक्रम को कैमरे में कैद करते रहे.
वीडियो में देखा जा सकता है कि चिता जल रही है और उसी आग से हुक्का सुलगाया जा रहा है. यह सब बेहद हैरान करने वाला था. कई ग्रामीणों का कहना था कि श्मशान घाट जैसे स्थान पर इस तरह की हरकत करना बेहद शर्मनाक है और यह समाज के संस्कारों के खिलाफ है.
कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जैसे-जैसे वीडियो लोगों तक पहुंचा, वैसे-वैसे गुस्सा बढ़ता गया. ग्रामीणों ने इस कृत्य को मृतक का अपमान बताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. गांव में इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल गर्म हो गया. लोग इसे सिर्फ एक गलती नहीं, बल्कि संस्कारों और मानवीय मूल्यों के खिलाफ गंभीर कृत्य मान रहे हैं.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई. थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की गई और वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान की गई. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story