भारत

शिक्षक का शव मिलने से सनसनी, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने एनएच-22 जाम किया

jantaserishta.com
21 July 2026 2:09 PM IST
शिक्षक का शव मिलने से सनसनी, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने एनएच-22 जाम किया
x
जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जुट आए.
चतरा: झारखंड के चतरा जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घटना वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र की है। यहां घंघरी गांव के पास मंगलवार को चतरा-डोभी राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-22) किनारे इसी गांव के रहने वाले मुकेश यादव का शव कुछ लोगों ने देखा।
इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जुट आए। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शिक्षक की हत्या का आरोप लगाते हुए एनएच-22 जाम कर प्रदर्शन किया। कई घंटे तक जाम रहने से चतरा और बिहार के गया के बीच यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार मुकेश यादव इसी जिले के प्रतापपुर स्थित राजकीय उच्च विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी हत्या की गई है। प्रदर्शनकारियों ने हत्या के आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवा और मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग की। सड़क जाम के कारण दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और चतरा-गया मार्ग पर यातायात कई घंटे तक बाधित रहा।
सूचना मिलने पर वशिष्ठनगर जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले में सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story