भारत
दिलीप घोष का राहुल गांधी पर तंज, बोले- 'अब तक नहीं कही कोई समझदारी भरी बात'
jantaserishta.com
20 Oct 2026 11:20 AM IST

x
कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी समझ और कार्यशैली पर सवाल उठाए। इसके साथ ही उन्होंने कोलकाता में निर्माण कार्यों के दौरान नियमों की अनदेखी, बांग्लादेश से कथित तौर पर संचालित नेटवर्क और विदेशी फंडिंग को लेकर भी चिंता जताई। वहीं, उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना को उन्होंने दुखद और दर्दनाक बताया।
पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री दिलीप घोष ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह देखना भी जरूरी है कि उनमें कितनी समझ है। राहुल गांधी कांग्रेस के नेता हैं, लेकिन उन्होंने अब तक कोई समझदारी भरी बात नहीं कही और न ही ऐसा कोई काम किया है, जिसे उल्लेखनीय माना जा सके।
कोलकाता में होने वाली छोटी-मोटी घटनाओं और निर्माण कार्यों पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री ने कहा कि शहर में कई जगह उचित परमिट या लाइसेंस के बिना निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। कुछ लोग नियमों का पालन किए बिना होटल और रेस्तरां चला रहे हैं तथा मकानों का निर्माण कर रहे हैं। कानूनों की अनदेखी से ऐसी घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
दिलीप घोष ने बांग्लादेश में सक्रिय कुछ समूहों पर भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ऐसे समूहों के नेटवर्क भारत में भी मौजूद हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को उकसाने की कोशिश की जा रही है। देशभर में नेटवर्क तैयार करने के लिए विदेशों से धन भी आ रहे हैं, इसमें कई लोग शामिल हैं।
मंत्री ने कहा कि दिल्ली से कोलकाता तक धन पहुंचने और यहां भी कुछ गतिविधियां संचालित करने की कोशिशों की जानकारी सामने आ रही है। भारत चाहता है कि बांग्लादेश प्रगति करे, लेकिन वहां की कानून-व्यवस्था की स्थिति में सुधार की जरूरत है। बांग्लादेश अपनी समस्याओं का समाधान करेगा।
उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ पर प्रतिक्रिया देते हुए दिलीप घोष ने घटना को बेहद दुखद और दर्दनाक बताया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद सरकार ने तत्काल कार्रवाई की और मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले में गिरफ्तारियां शुरू कर दी गई हैं और मृतकों के परिजनों को सहायता भी दी गई है।
बता दें कि शनिवार की शाम को बारिश के बीच भीड़ बढ़ने के कारण चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मच गई थी। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





