भारत
डिजिटल अरेस्ट: 70 साल की महिला को बनाया निशाना, 3 करोड़ की ठगी से खलबली
jantaserishta.com
22 Feb 2026 5:42 PM IST

x
पढ़ें पूरी खबर.
देहरादून: देहरादून में साइबर ठगों ने 60 दिन तक 'डिजिटल अरेस्ट' करके 70 साल की महिला से 3 करोड़ रुपए की ठगी कर ली. जालसाजों ने खुद को CBI अधिकारी बताया. इसके बाद पीड़ित महिला को वीडियो कॉल पर घंटों डराया और धमकाया. इसके बाद गिरफ्तारी की बात कहकर उनके खाते से करोड़ों रुपए ट्रांसफर करवा लिए.
पुलिस के मुताबिक, महिला ने शुक्रवार को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. इसके बाद केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पीड़िता ने बताया कि पिछले साल 1 सितंबर को उन्हें एक वीडियो कॉल आया. कॉलर ने खुद को CBI अधिकारी बताया. उसने कहा कि उनका फोन नंबर 68 करोड़ के मनी लॉन्ड्रिंग केस में सामने आया है.
बुजुर्ग महिला को चेतावनी दी गई कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा. इतना ही नहीं ठगों ने महिला को सख्त हिदायत दी कि यदि उन्होंने यह बात किसी को बताई, तो उनके बच्चों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस धमकी ने महिला को पूरी तरह से डरा दिया. जालसाजों ने पीड़िता को पूरी तरह झांसे में ले लिया.
आरोपियों ने कहा कि यदि बुजुर्ग गिरफ्तारी से बचना चाहती हैं, तो उन्हें अपने बैंक से बताए गए अकाउंट में रकम ट्रांसफर करनी होगी. भरोसा दिलाया गया कि जांच पूरी होने के बाद पूरा पैसा वापस कर दिया जाएगा. दबाव में आकर महिला ने सितंबर 2025 से अक्टूबर 2025 के बीच अपने बैंक से 3.09 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए.
इस रकम को जुटाने के लिए महिला को अपना फिक्स्ड डिपॉजिट तुड़वाना पड़ा, शेयर बेचने पड़े और अपनी ज्वेलरी भी गिरवी रखनी पड़ी. जब तक उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया. पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है.
जालसालों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों की कॉल रिकॉर्ड खंगाली जा रही है और जिन बैंक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर हुआ, उनकी जानकारी जुटाई जा रही है. साइबर ठगी का यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि 'डिजिटल अरेस्ट' जैसे नए तरीकों से ठग किस तरह लोगों को मानसिक दबाव में लेकर बड़ी रकम ऐंठ रहे हैं.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





