भारत

रामलला के दर्शन करने पहुंच रहे भक्तों को मिली ये सामान साथ में ले जाने की अनुमति

Nil dhankar
30 May 2024 7:24 AM IST
रामलला के दर्शन करने पहुंच रहे भक्तों को मिली ये सामान साथ में ले जाने की अनुमति
x

अयोध्या। ग्रीष्म अवकाश के कारण रोज लाखों की संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। सप्ताह भर से हर दिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु रामलला के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंच रहे हैं। ज्येष्ठ मास के पहले बड़े मंगल पर एक लाख 47 हजार 639 श्रद्धालु रामलला के दरबार में पहुंचे।

उधर इतनी बड़ी संख्या के कारण श्रीरामजन्मभूमि परिसर में एक दिन पहले जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। इसके कारण सुरक्षा के मानक को शिथिल कर पारदर्शी बोतलों को ले जाने की अनुमति दे दी गई। श्रीराम जन्मभूमि परिसर के एसपी सुरक्षा पंकज कुमार ने बताया कि परिसर में तीर्थ क्षेत्र की ओर से पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। जानकारी के अनुसार 24 मई से लेकर 29 मई तक लगातार एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं का यहां आगमन हो रहा है।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डा. अनिल मिश्र बताते हैं कि सामान्य दिनों में 80-90 हजार श्रद्धालु प्रतिदिन दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा मंगलवार, शनिवार व रविवार के अतिरिक्त त्रयोदशी, अमावस्या व पूर्णिमा के पर्व पर यह संख्या एक लाख से अधिक हो जा रही है।

गर्मी के कारण कड़ी धूप में पैदल चलने वाले यह श्रद्धालु हीट वेव का शिकार होकर मूर्छित हो जा रहे हैं। श्रीरामजन्मभूमि परिसर में स्थित पीएफसी के चिकित्सालय में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बताया जा रहा है कि अधिकांश श्रद्धालु रामलला का दर्शन करने के लिए सुबह स्नान के बाद बिना कुछ खाए खाली पेट आते हैं। इसके कारण ऐसे श्रद्धालु विशेष रूप से प्रभावित हो रहे हैं।



Next Story