भारत

डिप्टी कमांडेंट शहीद, नक्सली के साथ हुई मुठभेड़

Nilmani Pal
28 Sep 2021 2:41 PM GMT
डिप्टी कमांडेंट शहीद, नक्सली के साथ हुई मुठभेड़
x
सर्चिंग पर निकली थी पार्टी

लातेहार में उग्रवादी संगठन जेजेएमपी के साथ मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार शहीद हो गए। मंगलवार शाम लातेहार के सदर थाना स्थित सलैया गांव में जेजेएमपी सरगना पप्पू लोहरा के दस्ते की सूचना पर जगुआर व लातेहार पुलिस के द्वारा अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उग्रवादी दस्ते के साथ मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान राजेश के सीने के पास गोली लगी थी। उन्हें घायल अवस्था में हेलीकॉप्टर से रांची ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ में एक नक्सली के भी मारे जाने का दावा सुरक्षा बलों ने किया है।

दोपहर करीब तीन बजे झारखंड जगुआर के एसॉल्ट ग्रुप के प्रमुख राजेश कुमार के नेतृत्व में जवान उग्रवादियों की टोह में निकले थे। इसी दौरान जेजेएमपी के उग्रवादियों से उनकी मुठभेड़ हुई जिसमें झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार को गोली लगी और वे बुरी तरह जख्मी हो गए थे। लातेहार पुलिस ने भी एक उग्रवादी के मार गिराने का दावा किया है। इसके साथ एक एके 47 समेत कई असलहे बरामद किया है। घटना की सूचना के बाद रांची से चॉपर मंगाया गया जिसमें घायल डिप्टी कमांडेंट को रांची भेजा गया। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार झारखंड जगुआर की पुलिस नक्सलियों की टोह में निकली हुई थी जैसे ही टीम सलैया के पास पहुँची पहले से घात लगाए जेजेएमपी उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी।

Next Story