भारत

देवघर एयरपोर्ट विवाद: हाईकोर्ट ने निशिकांत दुबे सहित 9 पर दर्ज FIR निरस्त की

jantaserishta.com
13 March 2023 2:41 PM IST
देवघर एयरपोर्ट विवाद: हाईकोर्ट ने निशिकांत दुबे सहित 9 पर दर्ज FIR निरस्त की
x
रांची (आईएएनएस)| झारखंड हाईकोर्ट ने देवघर एयरपोर्ट से चार्टर्ड प्लेन की उड़ान के लिए एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) में घुसकर कथित तौर पर जबरन क्लीयरेंस लेने के आरोप में भाजपा के दो सांसदों निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी, दिल्ली के भाजपा नेता कपिल मिश्रा सहित नौ लोगों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को निरस्त करने का आदेश दिया है। यह घटना 31 अगस्त 2022 की थी और इसे लेकर देवघर एयरपोर्ट की सिक्योरिटी में तैनात डीएसपी सुमन अमन की शिकायत पर देवघर जिले के कुंडा थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
इस एफआईआर को निरस्त करने की मांग को लेकर सांसद निशिकांत दुबे ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसपर पूर्व में हुई सुनवाई के दौरान दुबे की ओर से बताया गया था कि उस दिन सन सेट का टाइम 6:03 था। फ्लाइट उसके आधा घंटा बाद उड़ सकती है, ऐसा रूल है। फ्लाइट 6 बज कर 17 मिनट पर उड़ी और नियमों के अनुसार 6:33 मिनट तक प्लेन को उड़ाया जा सकता था। सनसेट के आधे घंटे बाद भी टेक ऑफ हो सकता है।
निशिकांत दुबे की ओर से अधिवक्ता प्रशांत पल्लव और पार्थ जालान ने पैरवी की।
बता दें कि एफआईआर में कहा गया था कि 31 अगस्त की शाम भाजपा सांसद निशिकांत दुबे और मनोज तिवारी सहित कई लोग बिना इजाजत एटीसी में अंदर घुस गए और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर कर्मचारियों पर दबाव डालकर चार्टर्ड प्लेन के टेक ऑफ के लिए क्लीयरेंस हासिल कर लिया।
देवघर एयरपोर्ट में नाइट टेक ऑफ और लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यह सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है।
एफआईआर में बताया गया था कि लो विजिबिलिटी और खराब मौसम की वजह से सूर्यास्त के बाद एयरक्राफ्ट को एटीसी क्लीयरेंस सामान्य तौर पर देना मुमकिन नहीं था।
डीएसपी ने अपनी शिकायत में लिखा था कि जब वह एटीसी कंट्रोल रूम पहुंचे तो वहां एयरपोर्ट के डायरेक्टर संदीप ढींगरा और चार्टर्ड प्लेन के पायलट पहले से उपस्थित थे। उस समय चार्टर्ड प्लेन के पायलट उपस्थित कर्मियों पर दबाव डाल रहे थे कि चार्टर्ड प्लेन के यात्रियों को आज ही वापस जाना अति आवश्यक है, इसलिए क्लीयरेंस दिया जाए।
कुछ ही देर बाद सांसद और उनके दोनों पुत्र भी वहां पहुंच गए। उन्हें रूम में देखकर आश्चर्य हुआ और असहज महसूस किया। एयरपोर्ट संचालन के सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करते हुए इन लोगों ने एटीसी में एंट्री की। डीएसपी ने सीसीटीवी फुटेज का भी हवाला दिया था।
गौरतलब है कि भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, मनोज तिवारी, भाजपा नेता कपिल मिश्रा सहित पार्टी के कई लोग दुमका में पेट्रोल अटैक में मारी गई लड़की के परिवार से मिलने 31 अगस्त को उसके घर पहुंचे थे। दुमका से सभी शाम साढ़े 5 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचे थे और उसके बाद चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story