भारत

डेंगू का प्रकोप: फिरोजाबाद में 91 मरीजों में पुष्टि, सौ शैय्या अस्पताल में 440 बच्चे भर्ती

Kunti Dhruw
12 Sep 2021 6:55 PM GMT
डेंगू का प्रकोप: फिरोजाबाद में 91 मरीजों में पुष्टि, सौ शैय्या अस्पताल में 440 बच्चे भर्ती
x
फिरोजाबाद जिले में डेंगू और वायरल फीवर का प्रकोप थम नहीं रहा है।

फिरोजाबाद जिले में डेंगू और वायरल फीवर का प्रकोप थम नहीं रहा है। सौ शैय्या अस्पताल में रविवार को मरीजों की संख्या में फिर इजाफा हो गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित सौ शैय्या अस्पताल में अब 440 बालरोगी भर्ती हैं। 24 घंटे में कराई गई एलाइजा जांच में 91 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। वहीं माता, पिता अपने बच्चों को लेकर क्लीनिकों पर भी दौड़ते नजर आए।

सौ शैय्या अस्पताल में विगत 24 घंटे में 162 नए मरीजों को भर्ती किया गया है। वहीं 131 मरीजों की सामान्य स्थिति होने पर छुट्टी दी गई। रविवार को भी मेडिकल कॉलेज में मरीजों की भीड़ रही। ओपीडी से लेकर ब्लड बैंक और पैथोलॉजी पर भी मरीजों और तीमारदारों को इंतजार करना पड़ा। मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर पलंग की क्षमता बढ़ाई जा रही है।मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में नवनिर्मित बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर भी नया वार्ड रविवार से शुरू हो गया। हालांकि अभी यहां 11 पलंग ही डाले गए हैं, लेकिन जल्द ही यहां 100 पलंग किए जाने का दावा किया गया है। इसके साथ ही अन्य संसाधन भी बढ़ाए जा रहे हैं।
मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा ने बताया कि सौ शैय्या अस्पताल और नई बिल्डिंग में 400 से ज्यादा मरीज भर्ती हैं। डेंगू के 95 मरीजों का इलाज चल रहा था। मरीजों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर नया वार्ड शुरू किया गया है।
मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रतिदिन मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों के मोबाइल नंबर मांगे जा रहे हैं। किस क्षेत्र के ज्यादा मरीज हैं? उनके बारे में रिपोर्ट तलब की जा रही है। मरीजों से फोन कर अस्पताल की व्यवस्था की जानकारी ली जा रही है।रक्तदान करने वाली संस्थाओं द्वारा बनाए गए सोशल मीडिया ग्रुपों पर प्लेटलेट्स के लिए प्रति 10 मिनट में मांग आ रही है। अब बच्चों के साथ ही वयस्कों की हालत गंभीर हो रही है। लोग भी प्लेटलेट्स के संकट के बीच मरीजों की जान बचाने के लिए रक्तदान करने पहुंच रहे हैं.
Next Story