भारत

9 लोगों की एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि, आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में 16 मरीजों का चल रहा इलाज

Kunti Dhruw
12 Oct 2021 4:07 PM GMT
9 लोगों की एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि, आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में 16 मरीजों का चल रहा इलाज
x
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती नौ मरीजों की एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है।

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती नौ मरीजों की एलाइजा जांच में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें से सबसे ज्यादा आगरा के पांच मरीज हैं। अब आगरा के मरीजों की संख्या 296 हो गई है। इसमें से 198 मरीज ठीक हो गए हैं। एक की मौत हुई है।

सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि डेंगू के पांच नए मरीज मिले हैं, यह सभी एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। अब डेंगू के 296 मरीजों में से 198 ठीक हो गए हैं। 98 मरीज सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
डेंगू वार्ड में 16 का चल रहा इलाज
एसएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि अभी डेंगू वार्ड में 16 मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें से नौ की रिपोर्ट आई है, जिनमें डेंगू मिला है। आगरा के पांच मरीज हैं। मथुरा, फिरोजाबाद, इटावा और अलीगढ़ के एक-एक मरीज हैं।
उन्होंने बताया कि मेडिसिन विभाग के डेंगू वार्ड में नौ और बाल रोग विभाग के डेंगू वार्ड में सात मरीज भर्ती हैं। चार बच्चों समेत 10 मरीज ठीक होने पर घर भेज दिए हैं। चार बच्चों समेत आठ नए मरीज भर्ती किए हैं।
गंभीर मरीज हो रहे हैं भर्ती
डेंगू के गंभीर हाल में मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती हो रहे हैं। इनमें तीन से पांच मरीजों में शरीर पर लाल चकत्ते, पेट में पानी और लिवर में सूजन मिल रही है। ऐसी हालत वाले मरीजों में फिरोजाबाद के ज्यादा मामले हैं।
डेंगू से बचाव के लिए जागरूक किया
फतेहाबाद में डेंगू से बचाव के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों को जागरूक कर रही हैं। मंगलवार को ग्राम बादशाह की मड़ैया, बिहारी का पुरा, मीट पूरा आदि गांवों में टीम ने पहुंचकर लोगों को जागरूक किया। टीम के सदस्यों ने घर और उसके आसपास पानी एकत्रित होने देने के बारे में बताया।
Next Story