भारत

पूर्व सैनिक और वीर नारियों के लिए एम्स में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग

Shantanu Roy
4 April 2026 4:16 PM IST
पूर्व सैनिक और वीर नारियों के लिए एम्स में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग
x
Ghumarwin. घुमारवीं। पूर्व सैनिक एवं वीर नारियां कल्याण एवं विकास समिति, भराड़ी ने एम्स बिलासपुर में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने संबंधी अहम मुद्दे उठाए। इस बैठक का नेतृत्व वैटरन कैप्टन बालकराम शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश वैटरन सैनिक कल्याण एवं विकास समिति और एक्स सर्विसमैन सैनिक लीग बिलासपुर ने किया। समिति के अध्यक्ष सूबेदार मेजर (सेवानिवृत्त) संजीव कुमार ने बताया कि बैठक में आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी व्यवस्था, ईसीएचएस रेफरल, दवाइयों की उपलब्धता, जांच प्रक्रियाओं और वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। एम्स प्रशासन ने सभी बिंदुओं पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। समिति ने विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु के पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए आपातकालीन फास्ट ट्रैक व्यवस्था लागू करने की
मांग रखी।


बैठक में गोल्डन आवर के दौरान सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी जांच तुरंत उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही ईसीएचएस कैशलेस उपचार की प्रक्रिया को सरल बनाने और अनावश्यक जांचों की पुनरावृत्ति रोकने का अनुरोध भी किया गया। ओपीडी में अलग काउंटर, प्राथमिकता स्लॉट, अनुभवी डॉक्टरों की तैनाती, वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता जांच, डिजिटल रिपोर्ट उपलब्धता और जरूरतमंद मरीजों के लिए होम सैंपल कलेक्शन जैसी सुविधाओं की मांग भी उठाई गई। इसके अलावा, अस्पताल में पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित बेड, व्हीलचेयर सुविधा, अटेंडेंट पास, स्पष्ट डिस्चार्ज प्रक्रिया और दवाइयों व इम्प्लांट की पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। समिति ने वेटरन्स हेल्प डेस्क की स्थापना, शिकायतों का समयबद्ध निपटारा, मासिक समीक्षा बैठक और घुमारवीं-भराड़ी क्षेत्र में नियमित स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की भी मांग की। एम्स प्रशासन ने कहा कि सभी सुझावों को जल्द लागू करने के प्रयास किए जाएंगे और पूर्व सैनिकों व वीर नारियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए सतत प्रयास जारी रहेंगे।
Next Story