भारत

DTC बस की टक्कर से डिलीवरी एजेंट की मौत, चालक गिरफ्तार

SHIDDHANT
29 Oct 2026 8:26 PM IST
DTC बस की टक्कर से डिलीवरी एजेंट की मौत, चालक गिरफ्तार
x
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के हरि नगर-पंजाबी बाग इलाके में डीटीसी बस की टक्कर से डिलीवरी एजेंट सोनू की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में शोक और नाराजगी का माहौल है। सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल लाया गया, जहां उसके परिजन शव लेने पहुंचे।
मृतक के भाई प्रवीण ने बताया कि पुलिस ने परिवार को आश्वासन दिया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार बस चालक को पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि अमेजन कंपनी की ओर से बीमा कंपनी के प्रतिनिधि भी परिवार से संपर्क करने पहुंचे हैं। परिजनों के अनुसार, बीमा प्रतिनिधियों ने 10 लाख रुपये तक का इंश्योरेंस क्लेम दिलाने का वादा किया है। हालांकि, मुआवजे की राशि और भुगतान को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रवीण ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि लाठीचार्ज के बाद सोनू के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। इसके बाद जब परिवार के सदस्य पुलिस स्टेशन पहुंचे, तो उन्हें करीब एक से डेढ़ घंटे तक वहां बैठाए रखा गया।
इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का कहना है कि सोनू की अचानक मौत से परिवार को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने हादसे के मामले में न्याय और उचित मुआवजे की मांग की है। फिलहाल बस चालक की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए लाठीचार्ज और पुलिस स्टेशन में बैठाए रखने के आरोपों पर पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।
Next Story