भारत
पुलिस के 'ऑपरेशन मिलाप' की बड़ी सफलता, लापता नाबालिग को परिजनों से मिलाया
jantaserishta.com
30 Dec 2025 11:03 AM IST

x
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 'ऑपरेशन मिलाप' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 वर्षीय लापता नाबालिग लड़की को सुरक्षित ट्रेस कर उसके परिजनों से मिलवाया है। यह नाबालिग बच्ची 17 दिसंबर से हरियाणा के गुरुग्राम स्थित थाना राजेंद्र पार्क क्षेत्र से लापता थी।
क्राइम ब्रांच, दिल्ली के एनआर-2 यूनिट की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और समन्वित प्रयासों के जरिए इस मामले को सुलझाया। क्राइम ब्रांच द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उन बच्चों और महिलाओं को तलाशा जाता है जो किसी कारणवश अपने परिवार से बिछड़ गए हैं।
दिल्ली पुलिस की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस नोट में बताया गया कि 17 दिसंबर को गुरुग्राम के थाना राजेंद्र पार्क में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण/लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बच्ची उसी दिन से लापता थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी। एनआर-2, क्राइम ब्रांच की महिला हेड कांस्टेबल सीमा रानी ने इस मामले पर गहनता से काम शुरू किया। उन्होंने लापता, अपहृत और अज्ञात व्यक्तियों से संबंधित डाटाबेस का विश्लेषण किया।
जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि दिल्ली के थाना आईजीआई डोमेस्टिक एयरपोर्ट क्षेत्र में 10 से 14 वर्ष की उम्र की एक नाबालिग लड़की लावारिस हालत में मिली थी। लड़की ने अपना नाम बताया, लेकिन वह अपना पता बताने में असमर्थ थी। इसके बाद आईजीआई एयरपोर्ट थाने के स्टाफ ने उसे शाहदरा स्थित उड़ान चिल्ड्रन होम में सुरक्षित रखवाया था। महिला हेड कांस्टेबल सीमा रानी ने लापता और अपहृत लड़कियों के डाटाबेस में खोजबीन की, जिसमें उन्हें वही नाम और हुलिया वाली एक नाबालिग लड़की गुरुग्राम के थाना राजेंद्र पार्क में दर्ज मामले से मेल खाती हुई मिली।
दोनों पुलिस थानों, थाना आईजीआई डोमेस्टिक एयरपोर्ट, दिल्ली और थाना राजेंद्र पार्क, गुरुग्राम, के जांच अधिकारियों के बीच फोटो का आपसी सत्यापन किया गया, जिसमें यह पुष्टि हो गई कि दोनों मामलों की लड़की एक ही है। इसके बाद दोनों जांच अधिकारियों को फोन और आधिकारिक ईमेल के माध्यम से सूचित किया गया। सत्यापन के बाद हरियाणा पुलिस के जांच अधिकारी ने नाबालिग लड़की की कस्टडी ली और उसे सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की। आगे की कानूनी कार्रवाई हरियाणा पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में महिला हेड कांस्टेबल की तत्परता और मेहनत की सराहना की गई है। यह अभियान इंस्पेक्टर संदीप तुषिर की निगरानी और एसीपी गिरिश कौशिक के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अधिकारियों ने कहा कि टीम की प्रतिबद्धता, निरंतर प्रयास और प्रभावी फील्ड वर्क क्राइम ब्रांच की पेशेवर कार्यशैली को दर्शाता है, खासकर बच्चों जैसे संवेदनशील वर्ग की सुरक्षा और कल्याण के प्रति।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





