भारत

गुमशुदा मानसिक रूप से कमजोर बच्चे को दिल्ली पुलिस ने परिजनों से मिलाया

Shantanu Roy
25 Jun 2025 10:07 PM IST
गुमशुदा मानसिक रूप से कमजोर बच्चे को दिल्ली पुलिस ने परिजनों से मिलाया
x
बड़ी खबर
New Delhi. नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सदर बाजार इलाके में एक बार फिर ‘ऑपरेशन मिलाप’ की सफलता देखने को मिली है। देर रात इलाके में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बच्चा अकेला और असहाय हालत में घूमता पाया गया। बच्चा अपना नाम और घर तक बताने में असमर्थ था। स्थानीय निवासी विजय कुमार ने इस दृश्य को देखकर तुरंत मानवता का परिचय दिया और बच्चे को सदर बाजार थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द किया। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए ‘ऑपरेशन मिलाप’ के अंतर्गत बच्चे की पहचान और उसके परिजनों की तलाश के लिए तुरंत एक विशेष टीम गठित की।

पुलिस ने बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं और इलाके की मस्जिदों व पुलिस बूथों से मुनादी करवाई। उनकी कोशिशें रंग लाईं, जब कुछ ही घंटों के भीतर बच्चे के मामा मोहम्मद हाशिम, जो खुद उसकी तलाश में निकले थे, पुलिस टीम से संपर्क में आए और बच्चे को पहचान लिया। मिली जानकारी के अनुसार, यह बच्चा बिहार के मोतिहारी जिले से उपचार के लिए दिल्ली लाया गया था और किसी तरह रास्ता भटक गया। पुलिस की तत्परता और मानवीय रवैये की बदौलत बच्चा सुरक्षित अपने परिजनों से मिल गया। इस घटनाक्रम के बाद दिल्ली पुलिस की कार्यशैली और मानवीय पहल की हर तरफ प्रशंसा हो रही है। ‘ऑपरेशन मिलाप’ एक बार फिर यह साबित करने में सफल रहा है कि वर्दी केवल कानून का प्रतीक नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, सेवा और सुरक्षा का भी प्रतीक है।
Next Story