
x
पुलिस ने पत्र भेजकर अनुमति की मांग ठुकराई
दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इस संबंध में पुलिस ने पार्टी को पत्र भेजकर अपने फैसले की जानकारी दी है। प्रदर्शन का आयोजन नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार सुबह 10 बजे से दिन समाप्त होने तक प्रस्तावित था।
दिल्ली पुलिस की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि प्रदर्शन के लिए मांगी गई अनुमति नहीं दी जा सकती और आवेदन अस्वीकार किया जाता है। इसके साथ ही जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को प्रशासनिक मंजूरी नहीं मिली है।
पुलिस के अनुसार, CJP के सह-संयोजक सौरव दास ने 7 अक्टूबर को प्रदर्शन के संबंध में आवेदन दिया था। संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि निर्धारित दिशानिर्देशों के तहत जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए कम से कम 10 दिन पहले सूचना देना आवश्यक है। आवेदन केवल तीन दिन पहले मिलने के कारण अनुमति नहीं दी गई।
दिल्ली पुलिस ने यह भी कहा कि पिछले प्रदर्शन के दौरान आयोजकों ने कुछ कानूनी निर्देशों और अपने लिखित आश्वासनों का पालन नहीं किया था। पुलिस ने सार्वजनिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को भी अनुमति अस्वीकार करने का आधार बताया।
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की जवाबदेही और इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है। यह विरोध मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े विवाद के बीच प्रस्तावित है।दिल्ली पुलिस ने बताया कि नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू हैं। पुलिस ने इन आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वहीं, CJP के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन के लिए अलग से अनुमति लेने की आवश्यकता पर सवाल उठाए हैं। संगठन का कहना है कि शांतिपूर्ण विरोध करना नागरिकों का लोकतांत्रिक अधिकार है।फिलहाल दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से स्पष्ट इनकार कर दिया है। शनिवार को प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
Next Story





