भारत

दिल्ली पुलिस ने कुश्ती संघ प्रमुख के खिलाफ पहलवानों के आरोपों की जांच शुरू की

jantaserishta.com
24 April 2023 1:17 PM IST
दिल्ली पुलिस ने कुश्ती संघ प्रमुख के खिलाफ पहलवानों के आरोपों की जांच शुरू की
x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ पहलवानों के विरोध के बीच दिल्ली पुलिस ने खेल मंत्रालय द्वारा शिकायतों की जांच के लिए गठित समिति से रिपोर्ट मांगी है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, हमें सात शिकायतें मिली हैं और वर्तमान में उन सभी की जांच कर रहे हैं। ठोस सबूत मिलने के बाद हम प्राथमिकी दर्ज करेंगे। हमने डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए खेल मंत्रालय द्वारा गठित समिति से भी एक रिपोर्ट मांगी है।
ओलंपियन पहलवान बजरंग पुनिया, सखी मलिक, विनेश फोगट और अन्य शीर्ष भारतीय पहलवानों ने रविवार को मध्य दिल्ली के जंतर-मंतर में डब्ल्यूएफआई प्रमुख के खिलाफ फिर से अपना विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता विनेश पत्रकारों से बात करते हुए रो पड़ीं।
विनेश ने पहले कहा था कि उन्हें बृजभूषण शरण सिंह द्वारा मानसिक उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा जिस कारण उन्होंने आत्महत्या के बारे में भी सोचा था।
प्रदर्शन कर रही एक पहलवान ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों ने संसद मार्ग थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया।
पहलवान ने कहा था, हमें कई तरफ से धमकियां मिल रही हैं और दो महीने से अधिक समय तक इंतजार करने के बाद, हमने थाने में शिकायत दर्ज करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने हमें भगा दिया। हमें नहीं पता कि यहां क्या हो रहा है। हम अपना विरोध फिर से शुरू करेंगे और हमारी मांगें पूरी होने तक जंतर-मंतर पर धरने पर बैठेंगे।
आईएएनएस ने पिछले महीने खबर दी थी कि प्रदर्शनकारी पहलवान बृजभूषण की बर्खास्तगी के लिए अपना आंदोलन फिर से शुरू कर सकते हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story