भारत

7 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद दिल्ली में उबाल

SHIDDHANT
21 Sept 2026 9:36 PM IST
7 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद दिल्ली में उबाल
x
चौकी के बाहर रात तक गूंजे सवाल
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली के देशबंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र में 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, मामला थाना क्षेत्र की एक पुलिस चौकी इलाके से जुड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।
घटना की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंचने के बाद बड़ी संख्या में लोग पुलिस चौकी पर पहुंच गए। लोगों ने चौकी का घेराव करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी भी की। हालात को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात किया। सेंट्रल जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मेडिकल जांच कराई जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में लोगों में नाराजगी देखी गई। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रखा गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद घटना की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
Next Story