भारत
दिल्ली की सरकार का डीएनए ही गरीब विरोधी: मल्लिकार्जुन खड़गे
jantaserishta.com
25 Feb 2023 2:09 PM IST

x
नई दिल्ली (आईएएनएस)| कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की सरकार में बैठे लोगों का डीएनए ही गरीब विरोधी है। ये सरकार गरीब के खिलाफ काम करती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को पार्टी के 85वें अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि आप सबने मुझे चुना, मेरा विश्वास किया। मैं इसका आभारी हूं। ये केवल कांग्रेस पार्टी में ही संभव है कि एक मामूली सा ब्लॉक अध्यक्ष आज कांग्रेस पार्टी का अध्यक्ष बन गया। लोकतंत्र का सबसे बड़ा सबूत आज यह कांग्रेस पार्टी है।
उन्होंने कहा कि देशभर में चारों ओर फैले इस नफरत के माहौल के बीच राहुल गांधी ने पदयात्रा निकालकर संघर्ष की एक नई मशाल भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से देश में जलाई। जिसकी रोशनी कन्याकुमारी से कश्मीर तक फैल गई। राहुल गांधी ने न धूप की, ना बारिश की परवाह की, न धूल के बवंडर की चिंता की और न बर्फ की परवाह की, वो यात्रा में पैदल चलते रहे। राहुल गांधी ने देशभर में अपनी भारत जोड़ो यात्रा निकाली। भारत की आत्मा में कांग्रेस पार्टी बसी हुई है और कांग्रेस देशवासियों का दर्द समझती है।
उन्होंने कहा महात्मा गांधी आज से 100 साल कर्नाटक के बेलगांव में कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। उन्होंने देश को एक नई दिशा दी थी, उन्होंने कांग्रेस का स्वरूप बदला और कांग्रेस के संविधान में कई बड़े बदलाव किए थे, उन्होंने भारत के किसान और मजदूरों, गरीबों, वंचितों को देश की मुख्यधारा से जोड़ा। बेलगाम में पहली बार कांग्रेस पार्टी ने छुआछूत और जाति भेदभाव को पार्टी के अपने एजेंडे में आधिकारिक रूप से शामिल किया था। कर्नाटक में उन्होंने छुआछूत के खिलाफ प्रस्ताव पास करके देश को एक संदेश दिया था इसलिए आज हम उन्हें याद करते हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोगों ने आज देश के हर संस्थान को हथिया रखा है। आज देश को ' सेवा संघर्ष और बलिदान' की जरूरत है इसलिए यह हमारा नारा होगा। भारत आज अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है। कमरतोड़ महंगाई से जनता के घर का बजट बिगड़ गया है। फसल की कीमत ना देकर किसानों की आमदनी को खत्म किया जा रहा है। नफरत में देश के सामाजिक माहौल को बिगाड़ दिया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और अन्य संवैधानिक संस्थाओं के दम पर देश में चुनी हुई सरकारों को गिराया जा रहा है। अधिवेशन से ठीक पहले कांग्रेस नेताओं के घर ईडी की रेड के बावजूद इसका डट कर मुकाबला किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ऐसा लगता है कि देश में पिछड़ों गरीबों और मध्यवर्गीय परिवारों के लिए इस देश में कोई जगह नहीं है। केंद्र सरकार की ओर से कोविड काल में लगाए गए लॉकडाउन में लोगों को ना दवाई मिली, ना आना जाना संभव हो पाया, ना अस्पताल में पहुंच पाए यहां तक की अंतिम संस्कार भी संभव नहीं हुआ। मनरेगा बजट में कटौती कर दी गई। मनमोहन सिंह सरकार में फूड सिक्योरिटी बिल जो लाया गया, यहां तक की उसके बजट में भी कटौती कर दी गई। दिल्ली की सरकार में बैठे लोगों का डीएनए ही गरीब विरोधी है। इनका डीएनए गरीब के खिलाफ काम करता है।
उन्होंने अदाणी पर हमला बोलते हुए कहा, प्रधानमंत्री मोदी के एक मित्र की आमदनी 300 गुना अधिक बढ़ गई। ऐसा लगता है कि प्रधान सेवक देश की नहीं, सिर्फ अपने मित्र की सेवा ही कर रहे हैं। आज आम आदमी को चिंता है कि उनकी एलआईसी में जो जमा की गई पूंजी और एसबीआई बैंक में जमा पैसे बच पाएंगे या नहीं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम चीन के खिलाफ भारत की सेना के साथ खड़े हैं, लेकिन केंद्र में बैठे बीजेपी के नेता लगातार बार-बार यह कहते हैं कि कांग्रेस पार्टी सेना विरोधी है, जबकि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस पार्टी ने देश की सेना को मजबूत किया। चीन ने अप्रैल 2020 से लगातार हिंदुस्तान की जमीन पर हमला किया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उनको क्लीन चिट दे दी। यहां तक की विदेश मंत्री ने यह बयान तक दे दिया कि हम चीन से लड़ नहीं सकते। क्योंकि चीन भारत से बड़ी अर्थव्यवस्था है।
खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देते हुए कहा, यह 56 इंच का सीना तभी माना जाएगा जब आप चीन से भारत की जमीन को लड़कर वापस लेंगे। साल 2024 के चुनाव में हमारा एजेंडा बिल्कुल साफ है हम देश के मुद्दों पर चुनाव लड़ेंगे। 2004 से 2014 के बीच यूपीए ने समान विचारधारा वाले कई दलों से गठबंधन किया। और कांग्रेस पार्टी ने एक बेहद कामयाब सरकार चलाई, आज हम उन समान विचारधारा वाले दलों का स्वागत करते हैं, आज एक बार फिर साथ आने का मौका है।
Tagsमल्लिकार्जुन खड़गेकांग्रेससरकारमोदी सरकाररायपुरअधिवेशनMallikarjun KhargeCongressGovernmentModi GovernmentRaipurConvention
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





