भारत

दिल्ली विधानसभा: सीएजी रिपोर्ट को लेकर केजरीवाल पर बरसे भाजपा विधायक

jantaserishta.com
25 Feb 2025 11:01 AM IST
दिल्ली विधानसभा: सीएजी रिपोर्ट को लेकर केजरीवाल पर बरसे भाजपा विधायक
x
नई दिल्ली: दिल्ली की विधानसभा मंगलवार को सीएजी रिपोर्ट पेश की जाएगी। भाजपा विधायकों ने दावा किया कि केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार का खुलासा ये रिपोर्ट करेगी। दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज सीएजी रिपोर्ट को सदन में पेश किया जाएगा। यह रिपोर्ट ‘आप’ के भ्रष्टाचारों को उजागर करेगी। आज पता चलेगा कि दिल्ली की जनता को कितना लूटा गया है।
भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "सीएजी रिपोर्ट को लेकर हम पूरी तरह से तैयार हैं। मुझे लगता है कि अब जेल जाने की बारी भ्रष्टाचारियों की है, चाहे वह अरविंद केजरीवाल हों या सोमनाथ भारती या फिर आतिशी। दिल्ली में जल बोर्ड, ट्रांसपोर्ट, स्वास्थ्य विभाग से लेकर स्कूल तक में घोटाला किया गया। निश्चित रूप से ये सब कुछ सीएजी की रिपोर्ट में आएगा। अब इनके जेल जाने की बारी है।"
भाजपा विधायक रविन्द्र सिंह नेगी ने भी आईएएनएस से कहा, "विपक्ष नहीं चाहता है कि दिल्ली का विकास हो, इसलिए वह सिर्फ सवाल उठाते हैं। उन्होंने पिछले 12 सालों में दिल्ली में कोई काम नहीं किया है। विपक्ष सदन की कार्यवाही के पहले दिन ही सवाल उठा रहा है, जबकि स्पीकर ने खुद कहा है कि वह अपनी बात को रख सकते हैं।"
भाजपा विधायक करनैल सिंह ने कहा कि आज सीएजी रिपोर्ट पेश होगी और हमारी यही कोशिश रहेगी कि दिल्ली में जो भी घोटाला हुआ है, जनता का पैसा उन तक वापस पहुंचाया जाए। भाजपा विधायक ओपी शर्मा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 12 साल तक केजरीवाल और उनकी गैंग ने लूट की, आज उसी का पर्दाफाश होगा। दिल्ली की जनता एक-एक पाई का उनसे हिसाब लेगी।
भाजपा विधायक अभय वर्मा ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि विपक्ष को सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए। सीएजी रिपोर्ट को विपक्ष को ही पेश करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने 14 रिपोर्टों को रोक कर रखा। मुझे लगता है कि आज का दिन महत्वपूर्ण है, सीएजी रिपोर्ट के जरिए पूर्व सरकार के काले कारनामे सबके सामने आएंगे।
भाजपा विधायक अनिल गोयल ने कहा, "विपक्ष का काम सिर्फ हंगामा करना है। मैं सिर्फ इतना ही कहूंगा कि सीएजी की रिपोर्ट में घोटालों का पर्दाफाश होगा। उन्होंने (आप पार्टी) दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात किया है।"
भाजपा विधायक शिखा राय ने पिछले दस साल की नौटंकी का राज फाश होने का दावा किया। कहा, "विपक्ष के हंगामे करने की वजह यही हो सकती है कि वह अपनी कमियां छुपाना चाहता है। उन्होंने पिछले 10 साल तक नौटंकी की और इससे नुकसान दिल्ली की जनता का हुआ है। मैं उनसे निवेदन करूंगी कि वह दिल्ली की जनता से जुड़े मुद्दों पर बात करें।"
वहीं, भाजपा विधायक अजय महावर ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा कि आम आदमी पार्टी ने 10 साल तक शासन किया, मगर उन्होंने सीएजी की रिपोर्ट को पेश नहीं किया। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वह सीएजी रिपोर्ट को लेकर क्यों भाग रहे हैं। उन्होंने तो सिर्फ भ्रष्टाचार को लेकर बड़ी-बड़ी बातें की, मगर मुझे लगता है कि यहां पूरी दाल ही काली है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story