भारत

मौत को मात: 35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची तीन जिंदगी

jantaserishta.com
17 May 2026 3:17 PM IST
मौत को मात: 35 फीट गहरे कुएं में गिरी कार, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची तीन जिंदगी
x
पढ़ें पूरी खबर.
बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. जहां तेज रफ्तार कार के ब्रेक फेल होने से वह सड़क किनारे बने गहरे कुएं में जा गिरी. हादसे के समय कार में तीन युवक सवार थे, जो कुएं में फंस गए. हालांकि स्थानीय ग्रामीणों और 108 एम्बुलेंस कर्मियों की तत्परता से तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. फिलहाल तीनों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.
जानकारी के अनुसार यह हादसा भैंसदेही थाना क्षेत्र के गुदगांव-धामनगांव मार्ग पर रविवार सुबह करीब चार बजे हुआ. बताया जा रहा है कि कार में सवार तीनों युवक महाराष्ट्र के अमरावती जिले के निवासी हैं और किसी काम से बाहर गए थे. देर रात वे अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान रास्ते में उनकी कार के अचानक ब्रेक फेल हो गए. चालक ने वाहन पर नियंत्रण पाने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित लगभग 35 फीट गहरे कुएं में जा गिरी.
कार के कुएं में गिरते ही तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी. कुछ ही देर में एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई. एम्बुलेंस में मौजूद ईएमटी दीपक बारस्कर और पायलट मोहित चडोकर ने बिना समय गंवाए साहसिक तरीके से कुएं में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाला गया. हादसे में घायल युवकों की पहचान राहुल कड़ू, सत्यम तोमर और कृष्णा मोकडे के रूप में हुई है. तीनों को प्राथमिक उपचार देने के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ग्रामीण और एम्बुलेंस कर्मी मौके पर नहीं पहुंचते तो बड़ा हादसा हो सकता था. कुआं काफी गहरा था और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भी काफी दिक्कतें आईं. बावजूद इसके सभी ने मिलकर युवकों की जान बचा ली.
घटना के बाद इलाके में कुछ समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.शुरुआती जांच में हादसे की वजह कार के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story