भारत

सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग' पर छिड़ी बहस, एनडीए नेताओं ने दी अलग-अलग प्रतिक्रिया

jantaserishta.com
12 Nov 2026 6:00 PM IST
सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग पर छिड़ी बहस, एनडीए नेताओं ने दी अलग-अलग प्रतिक्रिया
x
पटना: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और मध्य प्रदेश के भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस किताब और उसमें शामिल विषयों पर अपनी-अपनी राय रखी। दीपक प्रकाश ने किताब के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं होने की बात कही, वहीं रामेश्वर शर्मा ने सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला। चिराग पासवान ने किताब में नीतीश कुमार के जिक्र और बिहार की राजनीति को लेकर विपक्ष की कोशिशों पर प्रतिक्रिया दी।
पटना में मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि उन्हें सोनिया गांधी की किताब के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की किताब प्रकाशित हुई है और वह उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। हालांकि, किताब में किन बातों और तथ्यों का उल्लेख किया गया है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। प्रकाश ने कहा कि सोनिया गांधी की ओर से जो बयान दिए गए हैं और सार्वजनिक रूप से जो जानकारियां सामने आ रही हैं, उन पर संबंधित लोग ही जवाब देने की स्थिति में होंगे।
भोपाल में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने सोनिया गांधी की किताब पर निशाना साधते हुए इसे कांग्रेस के लिए 'मगरमच्छ के आंसू' बहाने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी इस किताब के जरिए दुनिया को कांग्रेस की विचारधारा और उसकी सहानुभूति के बारे में बताना चाहती हैं। शर्मा ने बाबरी ढांचे के गिराए जाने और स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन के समय का जिक्र करते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इन घटनाओं पर दुख जताया, लेकिन 1984 में निर्दोष सिखों की हत्या और कारसेवकों पर गोली चलाए जाने के समय उनकी संवेदनशीलता दिखाई नहीं दी। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को यह भी बताना चाहिए कि उन घटनाओं के दौरान उनकी प्रतिक्रिया क्या थी।
भाजपा विधायक ने कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टीकरण और सत्ता के लिए राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सनातन, सिख और देश के हितों से कोई सरोकार नहीं है। रामेश्वर शर्मा ने राम मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों सनातनियों का संकल्प है कि जो राम मंदिर से खुश नहीं हैं, उनसे वे भी खुश नहीं हैं।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने सोनिया गांधी की किताब और उसमें नीतीश कुमार के जिक्र पर कहा कि इसमें कहने के लिए कुछ खास नहीं है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर लोग अपनी बातों और विचारों को दस्तावेज के रूप में सामने लाते रहते हैं। यह भी एक नई किताब है।
वहीं, बिहार की राजनीति पर उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया जा रहा है। चिराग ने दावा किया कि वर्तमान में एनडीए बिहार में मजबूत स्थिति में है और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री की विकास संबंधी सोच का भी उल्लेख किया।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story