
इंडोनेशिया में शनिवार को आए 7.7 तीव्रता वाले भूकंप से प्रभावित इलाके से लोगों को निकालने का क्रम जारी है। अभी तक करीब पांच हजार लोगों को मलबे में तब्दील इमारतों के बीच से निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
इस बीच आपदा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 53 हो गई है और 130 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मलबे के बीच कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है। इस बीच थोड़ी-थोड़ी देर के अंतर पर धरती अभी भी हिल रही है जिससे भूस्खलन भी हो रहा है। इसके चलते बचाव कार्य में बाधा आ रही है, क्षतिग्रस्त इमारतों के बीच पीड़ितों की तलाश और उन्हें निकालना मुश्किल हो रहा है।
शनिवार सुबह के भूकंप के बाद से अभी तक इंडोनेशिया को करीब एक हजार हल्के झटके लग चुके हैं। भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित देश का सिक्का इलाका है। इसी इलाके में ज्यादातर लोग मरे हैं। यहां से अभी तक 3,300 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।





