भारत

दो ग्रामीणों की मौत, जंगली हाथी ने ले ली जान

Nilmani Pal
8 Oct 2021 3:01 PM GMT
दो ग्रामीणों की मौत, जंगली हाथी ने ले ली जान
x

demo pic 

इलाके में दहशत का माहौल

झारखंड। लातेहार जिले के बारियातू प्रखंड में शुक्रवार को जंगली हाथी ने दो लोगों की जान ले ली। मृतकों में अंबाखाड़ गांव निवासी गोविंद यादव और नावाटोला गांव निवासी सुबोध उरांव शामिल हैं। पहली घटना अमरवाडीह पंचायत के अंबाखांड जंगल में घटी। यहां गोविंद यादव (50) को जंगली हाथी ने पटक कर मार डाला। घटना के संबंध में ग्रामीण मनोज गंझु ने बताया कि वे लोग सुबह चार बजे घर से एक किलोमीटर की दूरी पर आराड़का के पास अपने-अपने भैसों की चरवाही कर रहे थे।

अचानक हाथी के चिंघाड़ने की आवाज सुनकर सभी लोग छिप गए। अंधेरा छटने के बाद लोगों ने देखा कि गोविंद यादव वहां मृत पड़ा था। गोविंद के शव को देखकर वेलोग शोर करने लगे। शोर को सुनकर अन्य ग्रामीण जमा हो गये और गोविंद के शव को उठाकर घर लाया गया। दूसरी घटना में प्रखंड क्षेत्र के शिबला पंचायत के नावाटोला (बेसरा) निवासी सुबोध उरांव (35) को हाथी ने मार दिया। मृतक के पिता ने बताया कि सुबोध सुबह उठकर बकरियों को खिलाने के लिए पत्ता लाने गया था। इसी दौरान पीछे से हाथी ने सूंड में लपेटकर उसे पटक दिया। इसके बाद दांतों से छाती पर बाईं तरफ छेद कर दिया जिससे सुबोध की मौत हो गयी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने दोनों पीड़ितों के घर जाकर परिजनों को तत्काल 40-40 हजार रुपए नकद दिया। वहीं तीन दिन के अंदर 60-60 हजार रुपए और देने की बात कही। शेष तीन लाख रुपए कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिये जाएंगे। मौके पर बीडीओ, सीआई व बालूमाथ वन विभाग के कर्मी सहित कई ग्रामीण मौजूद थे। बारियातू टीओपी प्रभारी दुती कृष्ण महतो ने शव को पोस्टमार्टम के लिए लातेहार भेज दिया।


Next Story