भारत

युवक की हत्या कर शव स्कूल के पास फेंका

Shantanu Roy
4 Feb 2023 1:08 PM GMT
युवक की हत्या कर शव स्कूल के पास फेंका
x
जांच में जुटी पुलिस
अलीगढ़। सिविल लाइन एरिया में युवक की हत्या कर शव स्कूल के पास फेंके जाने का मामला सामने आया है। रेहड़ी लगाने वाले ने कंबल में जब शव को लिपटे देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जिसके बाद हत्या का खुलासा हुआ। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस ने बताया कि मूल रूप से अलीगढ़ के रहने वाले दानिश खान ने बताया कि वह गुरुग्राम के राजीव नगर में रहता है और सिविल लाइन सब्जी मंडी के पास रेहड़ी लगाता है। दो दिन पहले जब वह सुबह रेहड़ी लगा रहा था तो उसकी नजर रोड के दूसरी तरफ गुरुद्वारे के साथ बने स्कूल की सीढ़ियों के पास पड़ी।
उसने देखा कि एक युवक कंबल में लिपटा हुआ है और उसके कंबल पर खून लगा हुआ है। उस युवक को उसने कई बार कमला नेहरू पार्क के आसपास नशा करते हुए देखा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मृतक के शरीर पर कई चोटों के निशान है। मृतक की पहचान न होने पर उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर खुलासा हुआ कि उसकी हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पास ही सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं जिनकी फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा आसपास लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही वारदात के कारण सामने आएंगे।
Next Story