भारत

दाऊद इब्राहिम का करीबी तारिक परवीन गिरफ्तार, परमबीर सिंह भी मुश्किल में

Kunti Dhruw
18 Sep 2021 6:58 PM GMT
दाऊद इब्राहिम का करीबी तारिक परवीन गिरफ्तार, परमबीर सिंह भी मुश्किल में
x
ठाणे पुलिस ने भगोड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी तारिक परवीन को गिरफ्तार किया है।

ठाणे पुलिस ने भगोड़े डॉन दाऊद इब्राहिम के करीबी तारिक परवीन को गिरफ्तार किया है। तारिक को वसूली के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है जिसमें आईपीएस अफसर मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह भी एक आरोपी हैं।

55 साल का तारिक अब्दुल करीम मर्चेंटा उर्फ तारिक परवीन पहले ही एक मामले में जेल में बंद था। अधिकारियों ने बताया कि तारिक पर ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में भी एक केस दर्ज था इस मामले में कुल 20 लोग नामजद थे जिसमें मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह का नाम भी शामिल है। कुछ और पुलिस अधिकारी भी इस केस में नामजद हैं।
ये केस बिल्डर केतन तन्ना ने दर्ज कराया था जिन्होंने आरोप लगाया है कि परमबीर सिंह के ठाणे का पुलिस कमिश्नर रहने के दौरान सिंह और अन्य पुलिस अधिकारियों ने उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली की थी।
वहीं, एक अन्य वसूली केस में तारिक परवीन पहले से ही तलोजा जेल में बंद था। शुक्रवार को मुंबई की अदालत ने उसे ठाणे पुलिस के हवाले करने का आदेश सुनाया। इसके बाद ठाणे पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे 22 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हालांकि, परमबीर सिंह को अभी तक इस केस में गिरफ्तार नहीं किया गया है। एंटीलिया केस के बाद सिंह का तबादला कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्ट होने का आरोप लगाया था जिसके बाद देशमुख को इस्तीफा देना पड़ा था।
Next Story