भारत

बेटी कैंसर से जूझती रही, मां ने छोड़ा साथ! हाईकोर्ट ने माना वैवाहिक क्रूरता

jantaserishta.com
8 Nov 2026 12:18 PM IST
बेटी कैंसर से जूझती रही, मां ने छोड़ा साथ! हाईकोर्ट ने माना वैवाहिक क्रूरता
x
जानें पूरा मामला.
रांची: जिस उम्र में बच्ची को मां की सबसे ज्यादा जरूरत थी, उस वक्त वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही थी। इलाज के लिए उसे मुंबई तक ले जाना पड़ा, लेकिन पति का आरोप था कि पत्नी न तो इलाज के दौरान साथ रही और न ही बच्ची की देखभाल की। सात माह की बेटी को छोड़कर मायके गई पत्नी फिर पति के पास नहीं लौटी। करीब 18 साल पुराने इस वैवाहिक विवाद में झारखंड हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए पत्नी की तलाक के खिलाफ अपील खारिज कर दी। अदालत ने बीमार बच्ची की देखभाल नहीं करने और लंबे समय तक पति से अलग रहने को वैवाहिक क्रूरता और परित्याग के दायरे में माना। हालांकि, पत्नी को गुजारा भत्ते के रूप में मिलने वाले 10 हजार रुपये प्रतिमाह को बढ़ाकर 15 हजार रुपये कर दिए।
चीफ जस्टिस एमएस सोनक और जस्टिस मनोज प्रसाद की खंडपीठ ने पिंकी कुमारी की प्रथम अपील पर पांच नवंबर को फैसला सुनाया। जमशेदपुर फैमिली कोर्ट ने 24 नवंबर 2021 को पति रवि कुमार की तलाक याचिका स्वीकार करते हुए विवाह विच्छेद का आदेश दिया था। पत्नी ने इसी फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।
मामले के अनुसार, पिंकी कुमारी और रवि कुमार की शादी 23 नवंबर 2008 को हुई थी। शादी के बाद दोनों जमशेदपुर में रहने लगे। इस दौरान उनकी एक बेटी हुई, लेकिन कम उम्र में ही बच्ची कैंसर से पीड़ित हो गई। पति के अनुसार, बच्ची के इलाज के लिए उसे मुंबई ले जाना पड़ा, लेकिन पत्नी इलाज के दौरान साथ नहीं गई। पति ने पत्नी पर बच्ची के साथ मारपीट करने, सर्दियों में उसे ठंडे पानी में डालने और एक बार बालकनी से नीचे फेंकने की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए थे। पत्नी ने इन आरोपों से सहमति नहीं जताई थी।
हाईकोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान पाया कि पत्नी ने अपने लिखित जवाब में पति की ओर से लगाए गए आरोपों का स्पष्ट और बिंदुवार खंडन नहीं किया था। इस पर अदालत ने सिविल प्रक्रिया संहिता (सीपीसी) का हवाला दिया। खंडपीठ ने कहा कि किसी आरोप का अस्पष्ट या टालमटोल वाला जवाब प्रभावी खंडन नहीं माना जा सकता।
जिन तथ्यों का स्पष्ट रूप से इनकार नहीं किया गया हो, उन्हें स्वीकार किया हुआ माना जा सकता है। अदालत ने पत्नी की गवाही का भी उल्लेख किया। इसमें उसने स्वीकार किया था कि बेटी सात माह की थी, तभी वह मायके चली गई थी। इसके बाद पति से उसका कोई संपर्क नहीं रहा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story