
x
वीडियो सामने आया.
सहारनपुर: सहारनपुर के नकुड़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गुर्जर गांव में शुक्रवार शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई. खेत में दिखे कोबरा को पकड़कर घर लाने वाले किसान रामकुमार की उसी सांप के डसने से मौत हो गई. गांववालों ने उसे कई बार चेताया, लेकिन उसने चेतावनी को हल्के में ले लिया. यह पूरी घटना वीडियो में कैद हुई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है.
पुलिस के अनुसार, किसान रामकुमार शुक्रवार शाम अपने खेत में काम कर रहा था, तभी उसे एक कोबरा दिखाई दिया. उसने बिना डर दिखाए सांप को पकड़ लिया और घर ले आया. गांव के लोगों ने उसे समझाने की कोशिश की कि यह बेहद विषैला सांप है, लेकिन रामकुमार उनकी बातों को अनसुना कर देता है. घर लाकर वह कोबरा से खेलता रहा और उसे हाथों में लेकर तमाशा दिखाने लगा.
खेल-खेल में कोबरा ने पहले रामकुमार के हाथों पर कई बार काट लिया. इसके बावजूद वह नहीं रुका और सांप को मुंह के पास ले आया. तभी कोबरा ने उसकी जीभ पर भी डस लिया. कुछ ही मिनटों में जहर ने असर दिखाना शुरू कर दिया और रामकुमार की तबीयत तेजी से बिगड़ गई.
परिजन पहले उसे जानखेड़ा में सांप के इलाज करने वालों के पास ले गए. वहां बताया गया कि यह अत्यंत विषैला कोबरा था. हालत में सुधार न होने पर वे उसे सपेरों के पास भी ले गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. आखिरकार रामकुमार को गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. तब तक उसका पूरा शरीर सुन्न हो चुका था और जहर पूरी तरह फैल गया था.
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं वन विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच की और ग्रामीणों को चेतावनी दी कि किसी भी विषैले जीव से छेड़छाड़ जानलेवा हो सकती है.
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि थाना नकुड़ पुलिस को घटना की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जांच में स्पष्ट हुआ कि मृतक रामकुमार ने खेत में मिले कोबरा को पकड़कर घर लाया था और उसी के डसने से उसकी मौत हुई. पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि ऐसे खतरनाक जीवों से दूरी बनाए रखें.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





