भारत

बाइक टकराने पर दलित युवक की हत्या, 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

Nilmani Pal
18 Jan 2023 7:58 AM IST
बाइक टकराने पर दलित युवक की हत्या, 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
x

सोर्स न्यूज़   - आज तक  

क्राइम की खबर

उत्तर प्रदेश। देवरिया जिले में बाइक से टक्कर लगने पर दबंगों ने दलित युवक की लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी. जिसकी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई. मदनपुर थाना प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया कि 13 जनवरी को युवक की पिटाई की गई थी. इस मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ 307 और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया था, लेकिन 16 जनवरी की रात इलाज के दौरान युवक की मौत होने पर आरोपियों के पर धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया गया. अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है. मृतक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का काम करता था.

पुलिस ने बताया कि सुरौली थाना इलाके के जद्दू परसिया निवासी नगीना प्रसाद का नवासा मदनपुर थाना क्षेत्र के पीड़री गांव में है. लिहाजा यहीं वह सपरिवार रहते हैं और बगल के खजूरी तिवारी स्थित धीमा यादव के ईंट-भट्ठे पर परिवार समेत मजदूरी का काम करते हैं. 13 जनवरी को ईंट-भट्ठे से नगीना प्रसाद का बेटा केतन किसी काम के लिए निकला था, कि कुछ दूर जाने पर गांव के ही बुजुर्ग उग्रसेन यादव को उसकी बाइक से ठोकर लग गई. जिसमें उनका पैर फ्रैक्चर हो गया. हादसे के बाद डर की वजह से युवक वापस ईंट-भट्ठे पर आ पहुंचा. उसके बाद गांव के ही दबंग युवक लाठी-डंडे से लैस होकर ईंट-भट्ठे पर आ धमके और युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी. वह बेहोश होकर गिर पड़ा. बीच-बचाव करने आए मां-बाप को भी पीटा और वहां से निकल गए.

सूचना पर डायल 112 मौके पर पहुंची. घायल को भलुअनी सीएचसी ले जाया गया, जहां से महऋषि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी ले जाया गया. स्थिति को गंभीर देखते हुए घायल को डॉक्टरों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. इलाज के दौरान 16 जनवरी की रात में घायल युवक की मौत हो गई. 17 जनवरी को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो गांव का माहौल गम में डूब गया. मदनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का अंतिम संस्कार कराया.


Next Story