
x
डलहौजी। पर्यटक नगरी डलहौजी में इस वीकेंड पर्यटकों की काफी आवाजाही देखने को मिली। शनिवार दोपहर बाद हुई ओलावृष्टि के बाद क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। मौसम में अचानक आए बदलाव से तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों सहित पर्यटन नगरी में घूमने पहुंचे सैलानियों को भी ठंड का एहसास होने लगा है। वीकेंड के दौरान डलहौजी के बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की चहल-पहल देखने को मिली। छुट्टी का आनंद लेने के लिए पहुंचे पर्यटक यहां के प्राकृतिक सौंदर्य और पहाडों के मनमोहक नजारों का लुत्फ उठाते नजर आए। पर्यटन नगरी के खुशनुमा वातावरण और बदलते मौसम ने यहां के नजारों को और भी आकर्षक बना दिया है। अक्टूबर के अंतिम दिनों में मौसम के इस बदलाव से डलहौजी में सर्दियों की आहट महसूस होने लगी है। वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही से पर्यटन कारोबार से जुडे लोगों को आगामी दिनों में बेहतर गतिविधियों की उम्मीद है। होटल, रेस्तरां और अन्य पर्यटन गतिविधियों से जुड़े कारोबारियों की नजर अब आने वाले दिनों में पर्यटकों की आवाजाही पर टिकी है। हालांकि इस वीकेंड पर्यटकों की आवाजाही देखने को मिली, लेकिन कारोबार पर इसका कितना असर रहा, यह पर्यटकों की संख्या और ठहराव पर निर्भर करेगा। बहरहाल, इस वीकेंड पर्यटकों की आवाजाही बढऩे से शहर के बाजारों में खासी रौनक देखने को मिली।
Next Story





