भारत

दहीबड़ा ने गांव वालों को किया बीमार, 58 लोग हॉस्पिटल में भर्ती

Nilmani Pal
3 May 2026 6:51 AM IST
दहीबड़ा ने गांव वालों को किया बीमार, 58 लोग हॉस्पिटल में भर्ती
x
पढ़े पूरी खबर

ओडिशा। जाजपुर जिले में एक गांव में दहीबड़ा खाने के बाद 58 लोग बीमार पड़ गए. इनमें 27 बच्चे भी शामिल हैं. सभी को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. खाने में क्या गड़बड़ी थी यह अभी जांच में पता चलेगा लेकिन सरकार ने तुरंत तीन जांच टीमें बना दी हैं और मंत्री खुद अस्पताल पहुंचे.

यह घटना जाजपुर जिले के दसरथपुर ब्लॉक के पटापुर गांव में शुक्रवार को हुई. वहां एक स्थानीय दुकानदार से लोगों ने 'कटक दहीबड़ा' खाया. दहीबड़ा खाने के कुछ ही देर बाद लोगों को उल्टियां आने लगीं और बुखार चढ़ गया. जब एक के बाद एक लोग बीमार पड़ने लगे तो उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया.

कुल 58 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया जिनमें 27 बच्चे हैं. बीमारों को दसरथपुर कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती किया गया. जाजपुर के जिला कलेक्टर अंबर कुमार कर ने बताया कि इलाज के बाद 21 लोगों को छुट्टी दे दी गई है. स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग खुद जाजपुर के जिला मुख्यालय अस्पताल पहुंचे और बीमारों का हालचाल लिया. उन्होंने पत्रकारों को बताया कि खाने और पानी के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं ताकि पता चले कि असली वजह क्या थी.

सरकार ने इस मामले की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई हैं. मंत्री ने यह भी कहा कि जो लोग अभी भी अस्पताल में हैं उन्हें बेहतरीन इलाज मिले इसके लिए सरकार सभी जरूरी कदम उठा रही है.

Next Story